फेफड़े हमारे शरीर का सबसे अहम अंग हैं। फेफड़े शरीर के सभी अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करते हैं। इसलिए शरीर के सभी अंगों को स्वस्थ रखने के लिए फेफड़ों का स्वस्थ रहना बहुत जरूरी होता है। लेकिन गलत खानपान और खराब जीवनशैली का फेफड़ों पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है। इसकी वजह से फेफड़े समय से पहले कमजोर हो जाते हैं, जिससे सांस से जुड़ी समस्याओं और कई गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। फेफड़ों को स्वस्थ रखने का सबसे अच्छा तरीका योग है। योग के नियमित अभ्यास से फेफड़े मजबूत बनते हैं और उनकी कार्यक्षमता में भी सुधार होता है।

त्रिकोणासन

  • इस आसन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं।
  • अपने दोनों पैरों के बीच 3-4 फीट की दूरी बनाकर रखें।
  • हाथों को जांघों के बगल में रखें। अपनी बाहों को कंधे तक फैलाएं।
  • धीरे-धीरे सांस लेते हुए, दाएं हाथ को सिर के ऊपर ले जाएं। इस दौरान आपका हाथ कान को छूना चाहिए।
  • अब सांस छोड़ते हुए, अपने शरीर को बाईं तरफ को झुकाएं।
  • ध्यान रखें कि इस दौरान आपके घुटने मुड़ने नहीं चाहिए।
  • इस मुद्रा में कुछ देर बने रहें।
  • इसके बाद सामान्य अवस्था में आ जाएं।
  • आप इस आसन को 3-5 बार दोहरा सकते हैं।

उष्ट्रासन

  • इस आसन को करने के लिए जमीन पर घुटने के बल बैठ जाएं और दोनों हाथों को कूल्हों पर रखें।
  • ध्यान रखें कि दोनों घुटने आपके कंधों के समानांतर हों।
  • अब गहरी सांस लें और रीढ़ की निचली हड्डी पर आगे की तरफ दबाव डालें।
  • इस दौरान पूरा दबाव नाभि पर महसूस होना चाहिए।
  • इसके बाद अपने हाथों से पैरों को पकड़ें और कमर को पीछे की तरफ मोड़ें।।
  • इस स्थिति में 30-60 सेकेंड रुकने के बाद आप धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में आ सकते हैं।
  • आप इस आसन को 3-5 बार दोहरा सकते हैं।

मत्स्यासन

  • इस आसन को करने के लिए योगा मैट पर पीठ के बल लेट जाएं।
  • इसके बाद बाएं पैर के उंगुलियों को दाएं हाथ और दाएं पैर को बाएं हाथ से पकड़ें।
  • इस दौरान अपनी दोनों कोहनियों को जमीन पर टिका लें।
  • इसके साथ ही, घुटने भी जमीन के साथ लगने चाहिए।
  • अब गहरी सांस लें और सिर को पीछे की तरफ ले जाएं।
  • इस अवस्था में सांस लें और छोड़ें।
  • आप इस स्थिति में कुछ सेकेंड तक रुक सकते हैं।
  • इसके बाद धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में आ जाएं।
  • आप इस आसन को 3-5 बार दोहरा सकते हैं।

भुजंगासन

  • इस आसन को करने के लिए जमीन पर पेट के बल लेट जाएं।
  • अपनी कोहनियों को कमर से सटा कर रखें और हथेलियां ऊपर की ओर रखें।
  • अब धीरे-धीरे सांस भरते हुए, अपनी छाती को ऊपर की ओर उठाएं।
  • उसके बाद अपने पेट को धीरे-धीरे ऊपर उठा लें। इस स्थिति में 30 सेकंड तक रहें।
  • अब सांस छोड़ते हुए, अपने पेट, छाती और फिर सिर को धीरे-धीरे जमीन की ओर नीचे लाएं।
  • आप इस प्रक्रिया को 3-5 बार कर सकते हैं।

नियमित रूप से इन योगासनों का अभ्यास करने से फेफड़े स्वस्थ रहते हैं और उनकी कार्यक्षमता में भी सुधार हो सकता है।

  प्रियंवदा दीक्षित – फूड फॉर हील  ‌‌                            (क्वालीफाईड डायटीशियन, आगरा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *