भले ही गर्मी का मौसम चुभन भरा हो, फिर भी सभी को इस मौसम का इंतजार रहता है। अब आप सोचेंगे ऐसा क्यों, तो इसका जवाब मीठा-मीठा आम है। शायद ही कोई ऐसा होगा, जिसे गर्मियों में आम खाना पसंद नहीं होगा। आम का नाम सुनते ही, आपको इससे जुड़े अपने कई पुराने किस्से याद आ गए होंगे, जो आम के इर्द-गिर्द घूमते हैं। इसमें कोई दो राय नहीं कि आम सिर्फ फलों का राजा नहीं है, बल्कि आम के गुण कई हैं।

आम के फायदे – 

दिल के लिए आम खाने के फायदे

ह्रदय स्वस्थ, तो आप स्वस्थ। ह्रदय को स्वस्थ रखने के लिए लोग खाने का खास ध्यान रखते हैं। अगर आप मौसमी फल आम को भी अपनी डायट में शामिल कर लें, तो दिल अच्छी तरह स्वस्थ हो सकता है। आम के सेवन से दिल की बीमारी का भी खतरा कम हो सकता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व दिल को स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं। इसलिए, आम के मौसम में इसका सेवन करना न भूलें।

रोग प्रतिरोधक शक्ति के लिए आम के फायदे

अगर शरीर को स्वस्थ रखना है, तो रोग प्रतिरोधक क्षमता का सही होना बहुत जरूरी है। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो मौसम बदलने से या धूल-मिट्टी के कारण आसानी से शरीर संक्रमण का शिकार हो सकता है। इसलिए, आम को अपने डाइट में शामिल कर आप अपनी रोग प्रतिरोधक शक्ति को बढ़ा सकते हैं। रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में विटामिन-सी काफी मदद करता है और आम विटामिन-सी से भरपूर है।

पाचन के लिए आम के फायदे

आम का सेवन करने से पाचन संबंधी समस्याओं से भी राहत मिल सकती है। इसमें लैक्सेटिव यानी पेट को साफ करने का गुण होता है। यहां तक कि इससे कब्ज की समस्या भी दूर होती है। जब कब्ज की परेशानी नहीं होगी, तो पाचन शक्ति में भी सुधार होगा। साथ ही आम फाइबर का अच्छा स्त्रोत है, इस कारण से भी पाचन शक्ति में सुधार होता है।

आंखों के लिए आम के फायदे

शरीर के अन्य अंगों की तरह आंखों का ध्यान रखना भी जरूरी है। उम्र के साथ आंखों की रोशनी कम होना सामान्य है, लेकिन कम उम्र में ही ऐसा हो, तो इसका मतलब यह है कि पोषक तत्वों की कमी के कारण ऐसा हो रहा है। खासकर, विटामिन-ए की कमी का असर आंखों की रोशनी पर पड़ता है।

दिमाग के लिए आम के फायदे

अगर आम खाने के फायदे देखें, तो आम दिमाग को तेज रखने के लिए और याददाश्त मजबूत करने में भी मदद करता है। आम में मौजूद बायोएक्टिव घटक दिमाग को स्वस्थ रखता है। आम के अर्क में कुछ ऐसी चीजें होती हैं, जिससे याददाश्त तेज होती है।

ब्लड प्रेशर के लिए आम के फायदे

अगर बात करें उच्च रक्तचाप की, तो आम का सेवन बहुत फायदेमंद हो सकता है। उच्च रक्तचाप की वजह से लोगों को ह्रदय संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में अगर आम का सेवन किया जाए, तो यह बहुत लाभकारी हो सकता है। इसलिए, अगर ब्लड प्रेशर के खतरे से बचना है, तो आम के मौसम में इसका सेवन जरूर करें।

गर्मी से बचाव के लिए आम के फायदे

ये तो सभी जानते हैं कि आम गर्मियों के मौसम का फल है। यह शरीर को गर्मियों में चलने वाली गर्म हवा यानी लू से बचा सकता है। गर्मी के दिन में पके आम का जूस पीने से गर्मी के प्रकोप से बचा जा सकता है, क्योंकि यह न सिर्फ शरीर को ताजगी देता है, बल्कि हाइड्रेट भी करता है। इसके अलावा, कई लोग लू लगने से और बुखार आने से कच्चे आम को उबालकर शरीर पर लगाते हैं, ऐसा माना जाता है कि इससे शरीर ठंडा हो सकता है। गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए पके आम के अलावा कच्चे आम का पन्ना या रस भी पी सकते हैं।

डायबिटीज के लिए आम के फायदे

मधुमेह यानी डायबिटीज के मरीज कई चीजों को खाने से कतराते हैं। खासकर, आम को लेकर उन्हें उलझन रहती है कि वो इसे खाएं या नहीं, तो हम इस उलझन को दूर करते हैं। डायबिटीज में कुछ हद तक आम का सेवन किया जा सकता है। मोटे लोगों में डायबिटीज का खतरा ज्यादा होता है।  आम में फाइबर और मैंगिफरिन होता है। आम के छिलके के अर्क में एंटीडायबिटिक गुण होते हैं।

गर्भावस्था में आम खाने के फायदे

गर्भावस्था के दौरान भी आम का सेवन फायदेमंद हो सकता है। गर्भवती महिला को पोषक तत्व और पौष्टिक आहार की बहुत जरूरत होती है, खासकर विटामिन-ए की। ऐसे में आम का सेवन लाभकारी हो सकता है, क्योंकि आम विटामिन-ए से भरपूर होता है। फिर भी इसका सेवन संतुलित मात्रा में ही करें, क्योंकि इसके ज्यादा सेवन से जेस्टेशनल डायबिटीज होने का खतरा बढ़ सकता है।

वजन कम करने के लिए आम के फायदे

आजकल मोटापा या बढ़ता वजन हर दूसरे व्यक्ति की परेशानी है। ऐसे में अगर व्यायाम व योग के साथ सही डाइट पर ध्यान दिया जाए, तो इससे छुटकारा मिल सकता है। वजन घटाने के लिए आप अपनी डाइट में आम को शामिल कर सकते हैं। आम का छिलका (जो हम आमतौर पर फेंक देते हैं) भी मददगार साबित हो सकता है। इसके अलावा, आम में फाइबर होता है, जो वजन घटाने में काफी मदद कर सकता है।

अस्थमा या दमा के लिए आम के फायदे

दमा के मरीज भी आम का सेवन कर सकते हैं। आम में एंटी-अस्थमैटिक गुण मौजूद होते हैं, जिस कारण दमा के मरीजों के लिए यह फायदेमंद हो सकता है। आम में विटामिन सी भी मौजूद होता है। विटामिन-सी एलर्जी की समस्या को कम कर सकता है और संक्रमण से लड़ने में मदद कर सकता है। सिर्फ आम ही नहीं, बल्कि इसकी गुठली भी दमा के लिए फायदेमंद हो सकती है। जिन्हें एलर्जी की समस्या है

हड्डियों के लिए आम के फायदे

अगर हड्डियों को स्वस्थ रखना है, तो भी आम का सेवन करना जरूरी है। आम में विटामिन-ए और सी मौजूद होता है। साथ ही इसमें कैल्शियम भी होता है, जो हड्डियों को मजबूत व स्वस्थ रखने में मदद करता है। इतना ही नहीं आम में ल्यूपॉल नामक एक यौगिक भी होता है, जो सूजन और गठिया से बचाव कर सकता है।

थायराइड के लिए आम के फायदे

थायराइड की समस्या को ठीक करने के लिए भी आम का सेवन किया जा सकता है। दरअसल, आम, खरबूजा और तरबूज के छिलके के मिश्रण के सेवन से थायराइड हॉर्मोन संतुलित होते हैं और थायराइड की समस्या से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। आपको इन तीनों छिलकों के मिश्रण का पाउडर बाजार में सप्लीमेंट के तौर पर मिल सकता है।

लिवर के लिए आम के फायदे

पेट से जुड़ी समस्याओं में लिवर की परेशानी भी हो सकती है। ऐसे में खाने-पीने का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है। इस स्थिति में डॉक्टर से बात करके आप आम को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। आम में हेपटोप्रोटेक्टिव  गुण होते हैं, जिस कारण यह लिवर को स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है।

मलेरिया से बचाव के लिए आम के फायदे

मलेरिया मच्छरों से फैलने वाली एक गंभीर बीमारी है। अगर वक्त रहते इस पर ध्यान न दिया जाए, तो इससे मरीज की जान को खतरा हो सकता है। इसलिए, इसके बचाव पर ध्यान देना जरूरी है। दरअसल, आम के छाल के अर्क में  एंटी-मलेरियल गुण मौजूद होता है। ऐसे में सीधे तौर पर आम तो नहीं, लेकिन इसके छाल का अर्क मलेरिया के लिए उपयोगी हो सकता है।

त्वचा के लिए आम के फायदे

इस भागादौड़ भरे वक्त में शरीर के साथ-साथ त्वचा का ध्यान रखना भी जरूरी है। हालांकि, देखभाल के अभाव के कारण और प्रदूषण की वजह से त्वचा अपनी चमक खोने लगती है। इस स्थिति में फलों का सेवन खासकर आम का सेवन लाभकारी हो सकता है।

बालों के लिए आम के फायदे

त्वचा के साथ-साथ बालों की खूबसूरती भी जरूरी है। बाल अगर लंबे हों, लेकिन स्वस्थ न हों, तो कोई फायदा नहीं है। बालों को स्वस्थ बनाने के लिए सिर्फ शैंपू, कंडीशनर और तेल ही नहीं, बल्कि सही डाइट भी जरूरी है। बालों को खूबसूरत और चमकदार बनाने के लिए आप आम का सेवन कर सकते हैं। आम में प्रचुर मात्रा में विटामिन-सी पाया जाता है, जो कोलेजन उत्पादन को बढ़ावा देता है और बालों को स्वस्थ बनाने में मदद करता है। इसके अलावा भी आम में कई पौष्टिक तत्व हैं, जो बालों को घना और चमकदार बना सकते हैं।

      प्रियंवदा दीक्षित – फूड फॉर हील  ‌‌                            (क्वालीफाईड डायटीशियन, आगरा) 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *