कई फल ऐसे होते हैं, जिनके गूदे के साथ-साथ उनके बीजों का भी उपयोग लाभकारी माना जाता है। इन फलों में खरबूजा भी शामिल है। जी हां, खरबूजे के बीज का सेवन किया जा सकता है खरबूजे के बीज शारीरिक समस्याओं में लाभकारी माने गए हैं।
खरबूजे के बीज के फायदे
1. रक्तचाप के लिए
खरबूजे के बीज के फायदे रक्तचाप को संतुलित रखने में देखे जा सकते हैं।सोडियम और पोटेशियम रक्तचाप को सामान्य बनाए रखने में सहायता कर सकते हैं। खरबूजे के बीज में इन दोनों पोषक तत्वों की अच्छी मात्रा होती है।
2. मधुमेह से राहत
मधुमेह की समस्या से जूझ रहे मरीजों के लिए खरबूजे के बीज लाभकारी साबित हो सकते हैं। खरबूजे के बीज का उपयोग मधुमेह की दवाइयों में किया जा सकता है।खरबूजे के बीज में मौजूद हेक्सेन एक्सट्रैक्ट टाइप 2 मधुमेह को नियंत्रित करने का काम कर सकता है। दरअसल, हेक्सेन एक्सट्रैक्ट ‘अल्फा-ग्लूकोसिडेस इनहिबिटर’ का काम कर सकता है, जिससे शुगर के स्तर को बढ़ने से रोका जा सकता है। बता दें कि अल्फा-ग्लूकोसिडेस इनहिबिटर कार्बोहाइड्रेट के अवशोषण को कम कर भोजन के बाद ग्लूकोज के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है।
3. हड्डियों के लिए
खरबूजा बीज हड्डियों को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभा सकता है। कैल्शियम, फास्फोरस और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स हड्डियों की संरचना में मददगार होते हैं। साथ ही कॉपर, मैंगनीज और जिंक को हड्डियों के मेटाबोलिज्म (हड्डी के विकास निरंतर चलने वाली प्रक्रिया) के लिए आवश्यक माना जाता है। वहीं, खरबूजे के बीज में ये सभी पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसलिए, इसे हड्डियों के लिए लाभकारी माना जा सकता है।
4. वजन घटाने के लिए
अगर कोई बढ़ते वजन से परेशान है, तो उनके लिए खरबूजे का बीज फायदेमंद हो सकता है। खरबूजे के बीज में फाइबर पाया जाता है। फाइबर वजन को कम करने का काम कर सकता है। इसके सेवन के साथ ही नियमित रूप से व्यायाम भी करना जरूरी है, जिससे कि बेहतर परिणाम मिल सकें।
5. नाखून के लिए
नाखून को बढ़ाने और मजबूत करने के लिए कई सारे पोषक तत्व मदद करते हैं। मैग्नीशियम, कैल्शियम, आयरन, जिंक, सोडियम और कॉपर जैसे मिनरल्स नेल प्लेट (नाखून का सख्त भाग) के निर्माण में आवश्यक माने जाते हैं। वहीं, पोषक तत्वों की कमी के कारण ब्रिटल नेल सिंड्रोम की समस्या हो सकती है, जिसमें नाखून कमजोर और नाजुक हो जाते हैं और जल्दी टूट सकते हैं।
6. प्रतिरक्षा प्रणाली के लिए
रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में भी खरबूजे के बीज खाने के फायदे देखे जा सकते हैं। मैग्नीशियम और मैंगनीज इम्युनोमॉड्यूलेटर का काम कर सकते हैं, जिससे प्रतिरक्षा प्रणाली को बेहतर रखने में मदद मिल सकती है। खरबूजे के बीज में मैग्नीशियम और मैंगनीज की अच्छी मात्रा पाई जाती है।
7. आंखों के लिए
आंखों को स्वस्थ रखने में खरबूजे के बीज सहायक हो सकते हैं। खरबूजे के बीज से बने तेल में विटामिन ई की अच्छी मात्रा पाई जाती है। विटामिन ई एक प्रकार के एंटीऑक्सीडेंट है, जो आंखों को सुरक्षा प्रदान कर सकता है।
8. अल्सर से राहत
खरबूजे के बीज खाने के फायदे में अल्सर की समस्या में राहत दिलाना भी शामिल हो सकता है। अल्सर एक प्रकार का घाव होता है, जो पेट की लाइनिंग या छोटी आंत में होता है। खरबूजे के बीज के अर्क में एंटी-अल्सर प्रभाव मौजूद होता है, जो इस समस्या से आराम दिलाने में मदद कर सकता है।
9. कब्ज से छुटकारा
कब्ज एक ऐसी स्थिति है, जिसमें मल सख्त हो जाता है और इस वजह से मल त्याग में परेशानी होती है। इसके लिए खरबूजे का बीज लाभकारी साबित हो सकता है। दरअसल, इसके बीज में फाइबर पाया जाता है, जो मल त्याग की प्रक्रिया को आसान बनाकर कब्ज की समस्या में आराम दिला सकता है।
10. गर्भावस्था में
खरबूजे के बीज में कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो गर्भवती को लाभ पहुंचा सकते हैं। जैसा कि हमने ऊपर बताया है कि इसमें फाइबर होता है, जो कब्ज की समस्या से कुछ हद तक राहत दिला सकता है। बता दें कि कब्ज प्रेगनेंसी में होने वाली एक आम समस्या है। इसमें पोटैशियम और सोडियम होते हैं, जो रक्तचाप को नियंत्रित रखने में सहायता कर सकते हैं। साथ ही खरबूजे के बीज में आयरन की भी अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो गर्भावस्था के समय एनीमिया के जोखिम को दूर रखने का काम कर सकता है।
11. दर्द के लिए
खरबूजे के बीज का इस्तेमाल दर्द को कम करने में कुछ हद तक मददगार हो सकता है। खरबूजे के बीज में एनाल्जेसिक यानी दर्द निवारक प्रभाव पाया जाता है। यह प्रभाव शरीर से जुड़े दर्द को कम करने में मदद कर सकता है।
प्रियंवदा दीक्षित – फूड फॉर हील (क्वालीफाईड डायटीशियन, आगरा)