शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए सभी उम्र के लोगों को आहार में पौष्टिक और संतुलित चीजों के सेवन की सलाह दी जाती है। वजन को संतुलित बनाए रखने, ऊर्जावान रहने और शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों के लिए दैनिक आहार की पौष्टिकता का ध्यान रखना सभी के लिए आवश्यक है। उम्र बढ़ने के साथ चूंकि मांसपेशियों और हड्डियों में कमजोरी आने लगती है ऐसे में 50 की उम्र के बाद पौष्टिकता का ध्यान रखना और भी आवश्यक हो जाता है। इसमें की गई किसी भी प्रकार की लापरवाही कई प्रकार की बीमारियों के जोखिम को बढ़ा सकती है।

उम्र बढ़ने के साथ  हृदय रोग और मधुमेह जैसी क्रोनिक स्वास्थ्य समस्याओं के साथ वजन बढ़ने और मांसपेशियों में कमजोरी की दिक्कत हो सकती है। समय के साथ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर होती जाती है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा और भी अधिक हो सकता है।

आहार की पौष्टिकता का ख्याल रखकर शरीर को बुढ़ापे में भी फिट और तंदुरुस्त रखने में मदद मिल सकती है। अपनी पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए सभी लोगों को ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए जो फाइबर, विटामिन्स, खनिजों और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर हों। आइए जानते हैं कि उम्र बढ़ने के साथ शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए किस तरह के आहार का सेवन किया जाना चाहिए?

सीनियर सिटीजन्स का आहार 

पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ

जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है, शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए पोषक तत्वों की अधिक आवश्यकता होती है। पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ खाने से आपको आवश्यक विटामिन, खनिज, प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और फैट प्राप्त करने में मदद मिलती है, ये सभी शरीर को रोग मुक्त रखने और कमजोरी दूर करने में मददगार होते हैं।

पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाते हैं जिससे बीमारियों का जोखिम कम होता है। इसके लिए आहार में हरी सब्जियां और फल, बीन्स और दालें, साबुत अनाज, कम फैट वाले डेयरी उत्पाद और प्रोटीन का सेवन अधिक से अधिक मात्रा में करें।

पर्याप्त मात्रा में लें फाइबर

स्वस्थ पाचन तंत्र, शरीर के फिटनेस के लिए बहुत आवश्यक है और पाचन को ठीक रखने के लिए फाइबर बहुत आवश्यक है। कब्ज और पेट की अन्य समस्याओं से बचने के लिए भोजन में फाइबर युक्त खाद्य पदार्थों को जरूर शामिल करें। कोलेस्ट्रॉल के स्तर को ठीक बनाए रखने के लिए भी फाइबर विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, इससे हृदय रोगों का खतरा भी कम होता है।

फाइबर के लिए फल और हरी सब्जियां,  बीन्स-दाल, जई और चोकर युक्त आहार, साबुत अनाज, चने आदि का सेवन किया जा सकता है। इससे सेहत को विशेष लाभ मिलता है।

शरीर को हाइड्रेटेड रखना बहुत जरूरी

जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है, आप प्यास लगने पर ज्यादा ध्यान नहीं दे पाते हैं। सुनिश्चित करें कि नियमित रूप से तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। रोजाना 6-8 गिलास पानी पीने का लक्ष्य रखें। आप जूस, सूप या पानी से भरपूर फलों और सब्जियों का भी सेवन करके शरीर को हाइड्रेटेड बनाए रख सकते हैं। शरीर में पानी की कमी होने से ब्लड प्रेशर से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम काफी बढ़ जाता है।

   प्रियंवदा दीक्षित – फूड फॉर हील  ‌‌                           (क्वालीफाईड डायटीशियन, आगरा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *