सेब के फायदे एवं गुण की बात करें, तो इसे पोषक तत्वों का भंडार माना जाता है। सेब सामान्य से लेकर गंभीर शारीरिक समस्याओं का इलाज करने की क्षमता रखता है। सेब के गुण आपको मधुमेह, हृदय रोग, अस्थमा और यहां तक कि कैंसर से बचाने का काम कर सकते हैं। इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट प्रभाव भी पाए जाते हैं, जो ऑक्सिडेटिव स्ट्रेस को कम कर शरीर को स्वस्थ रखने का काम करते हैं। सिर्फ सेहत ही नहीं, बल्कि खूबसूरत त्वचा और स्वस्थ बालों के लिए भी सेब के फायदे बहुत हैं।
दांत के रोग में सेब के औषधीय गुण के फायदे
सेब चबाकर खाने से लार अधिक बनती है, जो मुंह की साफ-सफाई करने के अलावा बैक्टीरिया को पनपने से भी रोकती है। इस प्रकार से सेब खाने से आपके दांत और मसूड़े स्वस्थ रहते हैं। सेब खाने से मुँह संबंधी बीमारियों को होने से कुछ हद तक रोका जा सकता है।
आंखों की रोशनी बढ़ाने में सेब का औषधीय गुण
सेब में एंटी-ऑक्सीडेंट, फाइबर, विटामिन-सी और विटामिन-बी पाया जाता है। इसके नियमित उपयोग से रात को कम दिखाई देने की परेशानी में लाभ होता है। यही नहीं, सेब आंखों की अन्य परेशानियां, जैसे— मोतियाबिंद, ग्लूकोमा आदि से भी बचाव करता है। सेब को पीसकर, पकाकर आँखों में बांधने से आँखों की बीमारियां दूर होती हैं।
सेब के सेवन से खांसी में लाभ
1 गिलास सेब का रस निकाल लें। इसमें मिश्री मिलाकर सुबह के समय पिएं। इससे सूखी खांसी में लाभ होता है। इससे बेहोशी की समस्या में भी फायदा होता है। सूखी खांसी में भरपूर लाभ लेने के लिए रोजाना पके हुए मीठे सेब खाने चाहिए।
पाचनतंत्र की मजबूत के लिए सेब का सेवन फायदेमंद
सेब का सेवन करने से पेट के रोग ठीक होते हैं। रात को सोते समय दो सेब खाएं। ऐसा कुछ दिन मतलब कम से कम 7 दिन तक करें। इससे पेट के कीड़े मरकर मल के साथ बाहर आ जाते हैं। सेब खाने के बाद रातभर पानी नहीं पिएं। खाली पेट सेब खाने से कब्ज दूर होती है। सुबह के समय छिलके सहित सेब खाने से भी कब्ज की समस्या दूर होती है।
पेट के रोग में सेब के सेवन से फायदा
सेब में टार्टरिक एसिड होने के कारण यह बहुत जल्दी पच जाता है। यह अपने साथ अन्य आहार को भी पचा देता है। इसके साथ ही, सेब के मुरब्बे का सेवन करने से आमाशय-संबधी रोगों में भी लाभ होता है।
आंतों के रोगों में सेब के सेवन से लाभ
सेब के सेवन से प्यास खत्म होती है और आंत स्वस्थ बनते हैं। सेब में आंवयुक्त पेचिश मिटाने का गुण होता है, इसलिए सेब को भूनकर खाने से आंतों के रोगों में बहुत लाभ होता है।
उल्टी बंद करने के लिए सेब का औषधीय गुण
अगर बार-बार उल्टी होने से परेशान है तो अधपके सेब का 5-15 मिली मात्रा में रस पिएं। इससे उल्टी बंद हो जाती है।
सेब के सेवन से खूनी पेचिश की रोकथाम
पोस्त के दानों से बने काढ़ा में सेब का शर्बत मिलाकर पीने से खूनी पेचिश में लाभ होता है। सेब खाने के फायदे के फलस्वरूप पेट संबंधी समस्याओं में यह बहुत ही उपयोगी साबित होता है।
त्वचा रोग के इलाज की आयुर्वेदिक दवा है सेव
सेब के पत्तों को पीसकर लेप करने से त्वचा के रोग ठीक होते हैं ।सेब के वृक्ष की जड़ को पीसकर दाद-खाज-वाले स्थान पर लगाएं। इससे लाभ होता है।सेब ना केवल त्वचा के रोगों को ठीक करता है, बल्कि त्वचा के लिए एक बेहतरीन फेस पैक के रूप में भी काम करता है। फेस पैक के रूप में प्रयोग करने की जानकारी किसी आयुर्वेदिक विशेषज्ञ से लें।
याददाश्त बढ़ाने के लिए सेब का सेवन फायदेमंद
सेब का मुरब्बा खाने से दिमाग तथा हृदय मज़बूत होता है। सेब दिमागी कोशिकाओं को स्वस्थ बनाने का काम करता है। विद्यार्थियों के लिए सेब स्मरण शक्ति और दिमागी शक्ति बढ़ाने का आसान स्रोत है।
हृदय को स्वास्थ्य बनाता है सेब
प्रोटेक्टिव गुण होने के कारण यह ह्रदय के सेहत के लिए फायदेमंद होता है।
डायबिटीज (मधुमेह) को नियंत्रित करने के लिए सेब लाभदायक
सेब का सेवन आपके मधुमेह के स्तर को को रक्त में अनियंत्रित नहीं होने देता है क्योंकि सेब का ग्लिसेमिक इंडेक्स कम होता है।
कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए सेब का सेवन
सेब का सेवन कोलेस्ट्रॉल को निंयत्रित करने में आपकी मदद कर सकता है इसमें फाइबर होने के कारण ये कोलेस्ट्रॉल को शरीर में जमने नहीं देता है।
प्रियंवदा दीक्षित, फूड फॉर हील (क्वालीफाईड डायटीशियन, आगरा)