अमृता, नेशन्स न्यूट्रिशन, अहमदाबाद (क्वालीफाईड डायटीशियन ,डायबिटीज एडुकेटर)
एक डायटीशियन होने के नाते मेरा ये मानना है कि शरीर को पौष्टिकता देने के लिए हमारे भोजन में जितना महत्व पके हुए खाने का है, उतना ही कच्चे खाद्य पदार्थों का भी है। दोनों के अपने अलग-अलग फायदे हैं और अच्छी सेहत के लिए हमारे डायट में इन दोनों का संतुलन जरुरी है।पके अनाज से जहां हमारे शरीर को एनर्जी मिलती हैं, वहीं कच्चे फलों और सब्जियों से शरीर के पोषण के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति होती है। इसलिए हमारी डेली डाइट में सलाद का होना आवश्यक है। दरअसल सलाद हमारी सेहत के लिए बहुत अच्छा माना जाता है और इसमें जितनी तरह की सब्जियों को शामिल किया जाएगा, ये उतना ही ज्यादा फायदेमंद होगा। तो आइये जानते हैं सलाद से शरीर को क्या फायदे होते हैं।
इम्यूनिटी बूस्टर
सलाद में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो हमारे शरीर को हेल्दी रखने का काम करते हैं। साथ ही, इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं, जिससे कई तरह के संक्रमण और गंभीर रोगों से बचाव होता है।
गट हेल्थ इम्प्रूवमेंट
सलाद में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जिससे गट हेल्थ और पाचन तंत्र अच्छा रहता है। साथ ही फाइबर की वजह से कब्ज की समस्या दूर होती है। अगर पेट साफ हो, तो वैसे भी कई बीमारियां करीब नहीं फटकतीं। सलाद के सेवन से कब्ज, एसिडिटी, ब्लोटिंग और गैस जैसी कई सारी समस्याएं दूर रहती हैं।
वेट लॉस हेल्पर
सलाद से पेट भरता है और ये देर तक पेट में टिकता है। इसमें फैट की मात्रा बिल्कुल नहीं या बहुत थोड़ी होती है और फाइबर की प्रचूरता होती है। जिससे इसके सेवन से वजन नहीं बढ़ता। इसके अलावा इसे खाने के बाद देर तक भूख नहीं लगती और धीरे-धीरे वजन कम होने लगता।
सलाद खाने का सही समय
जैसे हर काम का एक सही वक़्त होता है वैसे हीं सलाद को सही समय पर खाना भी जरूरी होता है, तभी शरीर को इसका पूरा लाभ मिलेगा। इसके सेवन का सबसे अच्छा समय होता है सुबह के नाश्ते का समय। इस वक्त पेट ज्यादा सक्रिय रहता है और खाने से ज्यादा समय तक भूख नहीं लगती। ऐसे में इसका धीरे-धीरे पाचन होता है और शरीर इसके तमाम पोषक तत्वों का अच्छे से अवशोषण कर पाता है। अगर दोपहर या शाम को खाने का मौका मिले, तो हमेशा खाना खाने के आधा घंटे पहले खाना चाहिए, ताकि शरीर इसे अच्छे से पचा सके।