भारतीय रसोई हमेशा से ही स्वाद और औषधि का भंडार है। भारत में बनाए जाने वाले व्यंजनों की खुशबू विदेशों तक में महसूस की जाती है। यही वजह है कि यहां का भोजन विदेशी लोग भी बड़े चाव से खाते हैं। यहां हर सीजन की अपनी एक खास और अलग डिश होती है।
फिलहाल सर्दियों का सीजन चल रहा है और ज्यादातर भारतीय लोग अपनी विंटर डिश में सरसों का साग और मक्के की रोटी खाना बेहद पसंद करते हैं। यूं तो इस डिश को पंजाबी डिश के तौर पर जाना जाता है। लेकिन इसका स्वाद और हेल्थ बेनिफिट्स को देखते हुए भारत ही नहीं विदेशों तक में लोग इसे खाना पसंद करते हैं। मक्का सर्दियों में शरीर को गर्म रखकर इम्यूनिटी को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। सेहत के लिए इतना फायदेमंद होते हुए भी कुछ कंडीशन में मक्के के आटे की रोटियां खाने से सेहत को फायदे की जगह नुकसान हो सकता है। आइए जानते हैं कि मक्के की रोटी के क्या क्या साइड इफेक्ट्स होते हैं, और किन लोगों को मक्के की आटे की रोटी खाने से परहेज करना चाहिए।
मक्के की रोटी खाने के साइड इफेक्ट्स
अस्थमा के रोगी
मक्के की रोटी खाने से अस्थमा के मरीजों की परेशानियां बढ़ सकती है। इसका सेवन करने से उनके लक्षण बढ़ जाते हैं।
डायबिटीज
हाई ब्लड शुगर वाले रोगियों को मक्के के आटे से बनी रोटियां खाने से मना किया जाता है। मक्के के आटे में कार्बोहाइड्रेट्स की मात्रा ज्यादा होती है, जिसका सेवन करने पर ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है। शरीर में बढ़ा हुआ ग्लूकोज लेवल डायबिटीज से जुड़ी समस्याओं को बढ़ा सकता है।
एलर्जिक रिएक्शन
मक्के के आटे से होने वाले साइड-इफेक्ट्स में स्किन पर रैशेज और त्वचा में खुजली के साथ उल्टी, चक्कर आने, सिरदर्द , मतली और कमजोरी जैसी परेशानियां भी बढ़ सकती है।
पाचन से जुड़ी समस्याएं
अगर आप पहले से ही पाचन से जुड़ी समस्याओं से परेशान रहते हैं तो मक्की की रोटी आपकी परेशानी को और ज्यादा बढ़ा सकती है। मक्के में मौजूद फाइबर का अधिक मात्रा में सेवन पेट के लिए नुकसानदायक होता है। इससे अपच और पेट खराब होने की समस्या हो सकती है।
मोटापा
मक्के की रोटी का अधिक सेवन करने से कैलोरी का मात्रा ज्यादा हो सकती है। जिससे आपका वजन बढ़ सकता है।
मक्के की रोटी खाते समय न करें ये गलतियां♦
मोटी रोटी न खाएं
कभी भी मक्की की रोटी मोटी बनाकर नहीं खानी चाहिए। ऐसी रोटी पचने में समय लेती है । हमेशा मक्की की पतली और नरम रोटी धीमी आंच पर अच्छे से पकाएं, जो आसानी से पच सके।
खाने का समय
मक्के की रोटी को पचने में समय लगता है। ऐसे में इस रोटी को हमेशा दोपहर में खाने की सलाह दी जाती है। इस रोटी को रात या शाम के समय खाने से बचना चाहिए।
खट्टी चीजों के साथ
मक्के की रोटी को कभी भी नींबू या अचार जैसी खट्टी चीजों के साथ ना खाएं। ऐसा करने से पेट में अम्लता बढ़ सकती है।
अमृता कुमारी – नेशन्स न्यूट्रिशन (क्वालीफाईड डायटीशियन/ एडुकेटर, अहमदाबाद)