कहते हैं कि पेट सही तो पूरा शरीर स्वस्थ रहता है। इसलिए पेट का सही रहना बहुत आवश्यक होता है। पेट में कब्ज, अपच जैसी समस्याएं खराब खान-पान की वजह से होती हैं। पेट संबंधी समस्याएं शरीर में कई और समस्याओं को भी जन्म देती हैं। पाचन तंत्र कमजोर होने पर हमारी पाचन क्रिया सुचारु रुप से काम नहीं करती है, जिसकी वजह से पेट की समस्याएं बनी रहती हैं। बार-बार पेट की समस्या होने से हमारा इम्यून सिस्टम भी कमजोर होने लगता है। इसलिए स्वस्थ रहने के लिए पाचन तंत्र को सही रखना बहुत जरुरी होता है ताकि पाचन क्रिया सुचारु रुप से कार्य कर सके।
सौंफ – भोजन पचाने के लिए खाने के बाद सौंफ का सेवन किया जाता है। सौंफ भोजन को पचाने में मदद करता है। यह माउथफ्रेशनर का काम भी करता है। पेट संबंधित तकलीफों में आप सौंफ के पानी का सेवन भी कर सकते हैं।
दही – दही आपके पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है, इसलिए नाश्ते में आप रोजाना एक कटोरी दही को शामिल कर सकते हैं। ये पाचन क्रिया को सुचारु करके कई पेट संबंधित परेशानियों को दूर करता है। पाचन तंत्र के साथ ये हमारे पूरी सेहत के लिए अच्छा रहता है।
चीया सीड्स – चीया के बीजों में प्रोटीन और फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है। चीया के बीजों को खाने में शामिल करके आप अपने पाचन तंत्र को मजबूत रख सकते हैं। चीया सीड्स न केवल पेट के लिए सही रहते हैं बल्कि ये वजन कम करने में भी सहायक हैं, इसलिए इसे अपनी डाइट में शामिल करें। आप इसको दूध में भिगोकर या फिर स्मूदी बनाकर ले सकते हैं।
सेब –रोजाना एक सेब खाने की सलाह तो विशेषज्ञ भी देते हैं। रोजाना एक सेब आपको कई तरह के रोगों से बचाता है। ये आपको पेट से संबंधित परेशानियों से निजात दिलाता है, लेकिन इसका सेवन खाली पेट न करें। नाश्ता करने के एक घंटे के बाद या फिर दोपहर में खाना खाने के एक-दो घंटे के बाद सेब का सेवन करें।
प्रियंवदा दीक्षित – फूड फॉर हील (क्वालीफाईड डायटीशियन, आगरा)