Diet In Holi होली पर अपने खानपान पर ध्‍यान देकर खुद को फिट रखा जा सकता है। चीनी की जगह गुड़ खांड और शहद का करें प्रयोग। मैदा की जगह कर सकते हैं आटे ओट्स और चावल के आटे का इस्तेमाल। नींबू शिकंजी ठंडाई मिंट मिस्ट्री भी अच्‍छा विकल्‍प है।

Diet In Holiहर त्योहार अपने-अपने पारंपरिक व्यंजनों के लिए भी जाना जाता है। गुझिया, मिठाई, चाट, दही बड़े, पापड़ी चाट, समोसे और तरह-तरह की नमकीन होली की पहचान है। लोग परहेज की चिंता किए बिना इन व्यंजनों को भरपेट खाते हैं। लेकिन कुछ सावधानी रखी जाए तो इन व्यंजनों को खाने के साथ ही सेहत का भी ध्यान रखा जा सकता है। इसके लिए होली पर दही बड़े के साथ कांजी बड़े भी बनाएं। इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है, और यह काफी स्वादिष्ट भी होते हैं। पापड़ी चाट के साथ ही लोबिया और सोया के कबाब बनाकर सेहत और पेट दोनों का ख्याल रखा जा सकता है। नींबू शिकंजी, ठंडाई, मिंट मिस्ट्री और मिंट माकटेल चाय और काफी का अच्छा विकल्प हो सकता है।

घर में गुझिया और मिठाई बनाने में देसी घी का इस्तेमाल करें।

– सभी प्रकार की नमकीन रिफाइंड की जगह सरसों के तेल में बनाएं।

– चीनी की जगह खांड, गुड़ और शहद का इस्तेमाल करें, इन्हें खाना नुकसानदायक नहीं है। गुड़ खाने से पेट भी साफ होता है। इससे शरीर को ऊर्जा भी मिलती है।

– होली पर अधिकतर खाद्य सामग्री मैदा से तैयार की जाती है। इसकी जगह ओट्स और चावल के आटे का प्रयोग भी किया जा सकता है।

– दही बड़े के साथ इस बार कांजी के बड़े भी बनाएं। कांजी बड़े में पानी की मात्रा अधिक होती है, और यह ठंडी भी होती है। इससे पाचन शक्ति भी बढ़ती है।

– जिन चीजों को ओवन में पकाया जा सकता है, उन्हें तलने की बजाए ओवन में ही बनाएं।

– पापड़ी चाट बनाते समय उसमें अंकुरित दाल और चने के साथ-साथ कुछ फल भी काटकर डालें। इससे स्वाद तो बढ़ेगा ही साथ ही पापड़ी की मात्रा भी कम हो जाएगी।

– दोस्त और रिश्तेदार होली में मिलने आते हैं, ऐसे में बार-बार चाय और काफी देने के बजाए ठंडाई, नींबू की शिकंजी, मिंट माकटेल बनाकर तैयार रखें। इसे बीच-बीच में पीने से पेट भी सही रहेगा।

– मांसाहारी लोग होली पर मांस-मछली भी लोग खूब खाते हैं। जहां तक हो सके मांस-मछली को रोस्ट करके खाएं।

हमारे त्योहार खानपान के लिए जाने जाते हैं। इन स्वादिष्ट व्यंजनों से बचना मुश्किल काम है। लेकिन थोड़ी सावधानी रखी जाए तो इन व्यंजनों का लुत्फ बिना किसी परेशानी के उठाया जा सकता है। खाने के साथ पीने का भी पूरा ध्यान रखें। गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है। इसलिए दिन में दस से 12 गिलास पानी जरूर पीएं। नींबू पानी को भी अब अपनी दिनचर्या में शामिल करें।

जहां तक होली पर मांस मछली खाने की बात है तो इसे ग्रिल्ड या भूनकर खाएं। साथ ही पकाने से पहले दही और मसालों में कुछ देर जरूर रखें। इससे यह एक स्नैक्स बन जाएगा और इस तरह खाने से पाचन क्रिया भी ठीक रहेगी।

                    ज्योति गुप्ता, न्यूट्री डाइट्स

             (क्वालिफाइड डायटीशियन, हैदराबाद)


By JYOTI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *