जब स्वास्थ्य को ठीक रखने की बात होती है, तो सभी विशेषज्ञ फल खाने की सलाह देते हैं। कीवी फ्रूट स्वाद के साथ-साथ गुणों से भी भरपूर है।
कीवी फल क्या है?
कीवी फल खाने के फायदे जानने से पहले जानते हैं कि कीवी फल कैसा होता है। कीवी फल बाहर से भूरा और अंदर से मुलायम व हरे रंग का होता है। इसके अंदर काले रंग के छोटे-छोटे बीज होते हैं, जिन्हें खाया जा सकता है। इसका स्वाद मीठा होता है। यह फल बाजार में आसानी से उपलब्ध होता है। कम दाम में पोषण पाने का यह बेहतर विकल्प हो सकता है। अगर बात करें कि कीवी फ्रूट कहां पाया जाता है, तो यह भारत, चीन, जापान और दक्षिण-पूर्व साइबेरिया में पाया जाता है। इसे चाइनीज गूजबेरी के नाम से भी जाना जाता है।
कीवी फल के फायदे
हृदय के लिए कीवी फ्रूट के फायदे
कीवी फ्रूट के फायदे की बात करें, तो यह हृदय के लिए लाभकारी हो सकता है। कीवी फ्रूट हृदय रोग की समस्या को रोकने के लिए फायदेमंद हो सकता है। अगर इस फल का 28 दिन तक सेवन किया जाए, तो प्लेटलेट हाइपरएक्टिविटी, प्लाज्मा लिपिड व रक्तचाप को नियंत्रित किया जा सकता है। आसान शब्दों में समझा जाए, तो कीवी में कार्डिओ प्रोटेक्टिव गुण होते हैं, जिससे यह हृदय संबंधी रोग से बचा सकता है। हां, अगर किसी को हृदय रोग की समस्या पहले से ही है, तो वो दवाइयों का सेवन जारी रखें और डॉक्टरी सलाह से कीवी फ्रूट का सेवन करें।
पाचन और कब्ज के लिए कीवी के फायदे
पाचन और कब्ज के लिए भी कीवी खाने के फायदे हो सकते हैं। हल्के-फुल्के कब्ज की समस्या में कीवी फ्रूट को इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें लैक्सेटिव गुण होता है, जो पेट को साफ करने में मदद कर सकता है।
सही वजन के लिए कीवी फ्रूट
कीवी खाने के फायदे में वजन संतुलन भी शामिल है। स्वस्थ रहने के लिए और वजन को संतुलित रखने के लिए कीवी फल को स्नैक्स के तौर पर अपने आहार में शामिल कर सकते हैं। वेट मैनेजमेंट स्ट्रेटजी के तहत कीवी फल को अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है। इससे वजन बढ़ने का जोखिम भी नहीं हो सकता है, क्योंकि कीवी फ्रूट में कैलोरी कम और फाइबर ज्यादा होता है।
डायबिटीज के लिए कीवी फल के फायदे
कीवी को कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स की सूची में रखा गया है। कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले खाद्य पदार्थ ब्लड शुगर और इंसुलिन की मात्रा को संतुलित कर मधुमेह में वजन को संतुलित रखने में भी सहायक हो सकते हैं। किवीफ्रूट विटामिन-सी का भी अच्छा स्रोत है। वहीं, विटामिन-सी का संबंध इंसुलिन प्रतिरोध में कमी और ब्लड ग्लूकोज नियंत्रण में सुधार के लिए सहायक पाया गया है। इसलिए, टाइप 2 डायबिटीज और मधुमेह के जोखिम वाले व्यक्ति के लिए कीवी फल उत्तम विकल्प साबित हो सकता है।
इम्यूनिटी के लिए कीवी फल के फायदे
कीवी लाभ में बेहतर इम्यूनिटी भी शामिल है। कीवी फ्रूट रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए लाभकारी हो सकता है। कीवी फल में विटामिन-सी, कैरोटिनॉइड, पॉलीफेनोल और फाइबर पाए जाते हैं। ये तत्व प्रतिरक्षा प्रणाली को बेहतर करने में मदद कर सकते हैं। इस कारण ऐसा कहा जा सकता है कि कीवी का सेवन इम्यून सिस्टम के साथ-साथ कई तरह के रोगों को दूर रखने में भी सहायता कर सकता है।
ब्लड प्रेशर के लिए कीवी फ्रूट
कीवी फ्रूट में बायोएक्टिव पदार्थ होते हैं, जो रक्तचाप को कम करने का काम कर सकते हैं। साथ ही एंडोथेलियल फंक्शन (दिल से संबंधित एक क्रिया) को बेहतर करने का काम कर सकते हैं। इस बात की पुष्टि महिला और पुरुषों पर किए गए एक शोध से हुई है। 8 हफ्ते तक लगातार प्रतिदिन 3 कीवी खाने वाले व्यक्ति के रक्तचाप में कमी पाई गई। ऐसे में यह माना जा सकता है कि कीवी का सेवन उच्च रक्तचाप की समस्या में सुधार कर सकता है। इसके अलावा, कीवी में एंटी-हाइपरटेंसिव गुण भी होता है।
अच्छी नींद के लिए कीवी फ्रूट
कीवी खाने के फायदे की बात हो रही हो और नींद का जिक्र न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। सोने के एक घंटे पहले कीवी फ्रूट का सेवन अच्छी नींद में मददगार पाया गया। कीवीफ्रूट की उच्च एंटीऑक्सीडेंट क्षमता भी ऑक्सीडेटिव क्षति को कम कर सकती है और परिणामस्वरूप नींद की गुणवत्ता में सुधार कर सकती है। इसके अलावा, किवीफ्रूट उन कुछ फलों में से एक है, जिसमें सेरोटोनिन (एक प्रकार का केमिकल) होता है, जो अच्छी नींद के लिए मददगार हो सकता है।
गर्भावस्था में कीवी फ्रूट
कीवी के फायदे की बात की जाए, तो यह गर्भावस्था में भी लाभकारी हो सकता है। इसमें विटामिन-सी और फोलेट प्रचुर मात्रा में होता है। वहीं, गर्भवती महिला के लिए फोलेट जरूरी होता है। गर्भावस्था के दौरान फोलेट का सेवन न सिर्फ बच्चे में न्यूरल ट्यूब विकार (मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी की बीमारी) के जोखिम को कम कर सकता है, बल्कि गर्भपात के खतरे को भी कम कर सकता है। इतना ही नहीं, इसमें मौजूद विटामिन सी शरीर में आयरन के अवशोषण में मदद कर एनीमिया के खतरे को भी कम कर सकता है। हां, अगर किसी को फूड एलर्जी है, तो वो कीवी के सेवन से पहले डॉक्टरी सलाह जरूर लें।
दमा (अस्थमा) के लिए कीवी के फायदे
विटामिन-सी युक्त खाद्य पदार्थ के सेवन से श्वास प्रणाली को फायदा पहुंचा सकता है, जिससे दमा (अस्थमा) की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। प्रतिदिन 1 ग्राम विटामिन-सी के सप्लीमेंट के सेवन से दमा के अटैक का जोखिम कम होता हुआ पाया गया है और कीवी में कुछ मात्रा विटामिन-सी की होती है। ऐसे में कीवी का सेवन करने से दमा के कारण होने वाली खांसी की समस्या कुछ ठीक हो सकती है।
कीवी फ्रूट में एंटीऑक्सीडेंट गुण
कीवी फल में एंटीऑक्सीडेंट गुण शामिल होते हैं। इसमें मौजूद विटामिन-सी और ई के एंटीऑक्सीडेंट गुण फ्री रेडिकल्स को खत्म करने में सहायक हो सकते हैं। यह ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस के कारण होने वाली क्षति से भी शरीर को बचा सकते हैं। इसमें मौजूद अन्य एंटीऑक्सीडेंट कुछ इस प्रकार से हैं – कैरोटेनॉयड्स ल्यूटिन, जियाजैंथिन और बीटा कैरोटीन।
प्रियंवदा दीक्षित, फूड फॉर हील (क्वालीफाईड डायटीशियन, आगरा)