मौसम चाहे कोई भी हो, सर्दी, गर्मी या फिर बरसात मकई के भुने हुए भुट्टो का स्वाद हमेशा से हमारी पहली पसंद रही है।

भुट्टा खाने का असली मज़ा तो अंगीठी वाले देसी स्वाद में ही आता है, लेकिन शहरों में हर समय कोयला और अंगीठी का इंतजाम करना मुमकिन नहीं होता.

ऐसे में कई लोग घर पर कुकर में रेत (बालू) या नमक डालकर भुट्टा भूनने की कोशिश करते हैं. लेकिन रेत से कुकर खराब होने का डर रहता है और नमक के इस्तेमाल से वो परफेक्ट स्मोकी फ्लेवर नहीं मिल पाता जो अंगीठी पर आता है.

 

अगर हम आपसे कहें कि आप बिना एक दाना रेत या नमक डाले, अपने नॉर्मल प्रेशर कुकर में सिर्फ 5 मिनट के अंदर बिल्कुल अंगीठी जैसा भुना हुआ भुट्टा तैयार कर सकते हैं? जी हां, यह तरीका न सिर्फ बेहद आसान है, बल्कि आपके कुकर के लिए 100% सेफ भी है. आइए जानते हैं इस अनोखी और जादुई किचन ट्रिक के बारे में.

 

कुकर में भुट्टा भूनने के लिए क्या चाहिए?

♦ताजा भुट्टा (छिला हुआ) – 1 या 2 (कुकर के साइज के हिसाब से)

♦देसी घी या बटर – 1 चम्मच एक छोटा सूती तौलिया या रुमाल (हैंड टॉवल)

♦नींबू, काला नमक और लाल मिर्च पाउडर (सर्विंग के लिए)

 

भुट्टा भूनने का सीक्रेट तरीका-

 

कुकर को करें ग्रीस: सबसे पहले एक प्रेशर कुकर लें. कुकर के अंदरूनी बेस (तले) पर थोड़ा सा देसी घी या बटर लगाकर अच्छे से ग्रीस कर लें. घी लगाने से भुट्टे में एक बेहतरीन खुशबू आएगी और वह नीचे से जलेगा नहीं.

 

गीले तौलिए का प्रयोग: अब एक छोटा सूती तौलिया या साफ सूती रुमाल लें. इसे पानी में अच्छी तरह भिगो लें और फिर निचोड़ लें (ध्यान रहे तौलिया गीला होना चाहिए, लेकिन उससे पानी टपकना नहीं चाहिए).

 

इस गीले तौलिए को कुकर के तले में अच्छी तरह फैलाकर या चपोत कर रख दें. यह तौलिया कुकर के अंदर स्टीम और स्मोक का एक परफेक्ट बैलेंस बनाएगा, जिससे भुट्टा जलेगा नहीं और अंदर तक पकेगा.

 

भुट्टा रखें: अब इस गीले तौलिए के ऊपर अपने भुट्टों को रख दें. अगर भुट्टा बड़ा है, तो आप उसे दो टुकड़ों में तोड़कर भी रख सकते हैं.

 

कुकर करें बंद: अब कुकर का ढक्कन बंद कर दें. ध्यान रहे, आपको कुकर की सीटी (Weight) और रबर (Gasket) दोनों को निकाल देना है. बिना सीटी और रबर के ही इसे पकाना है.

 

आंच का रखें ध्यान: कुकर को गैस पर चढ़ाएं. पहले 1 से 2 मिनट के लिए आंच को ‘मीडियम’ (Medium Flame) पर रखें ताकि कुकर के अंदर अच्छी हीट बन जाए. इसके बाद आंच को बिल्कुल ‘धीमा’ (Low Flame) कर दें और भुट्टे को 5 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें.

 

बस, 5 मिनट बाद गैस बंद कर दें और सावधानी से कुकर का ढक्कन खोलें. आप देखेंगे कि कुकर के अंदर बिना रेत के भी भुट्टा एकदम परफेक्ट, स्पॉट्स के साथ भून चुका है और पूरे किचन में अंगीठी वाली सोंधी-सोंधी खुशबू आ रही है.

 

इन बातों का ध्यान रखें:

 

सीटी और रबर हटाएँ: कुकर का ढक्कन बंद करने से पहले उसकी सीटी और रबर (गैस्केट) निकालना बिल्कुल न भूलें.

सूती कपड़ा ही चुनें: कुकर के तले में रखने के लिए सिर्फ और सिर्फ 100% प्योर कॉटन (सूती) तौलिया या रुमाल का ही इस्तेमाल करें, सिंथेटिक बिल्कुल नहीं.

तौलिया सिर्फ गीला हो: तौलिए को पानी में भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें, उससे पानी टपकना नहीं चाहिए वरना भुट्टा भूनने के बजाय उबल जाएगा.

घी से ग्रीसिंग जरूरी: कुकर के बेस पर घी या बटर जरूर लगाएं, यह कुकर को जलने से बचाएगा और भुट्टे को सोंधा स्वाद देगा.

आंच का सही कंट्रोल: पहले 1-2 मिनट आंच को मीडियम रखें ताकि हीट बन जाए, फिर अगले 5 मिनट के लिए आंच बिल्कुल धीमी (Low) कर दें.

 

सर्विंग टिप: गरम-गरम भुने हुए भुट्टे पर नींबू का रस, काला नमक और हल्की सी लाल मिर्च रगड़ें और इस मानसून सीजन में घर बैठे अंगीठी वाले देसी भुट्टे का आनंद लें!

By AMRITA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *