बिहार का चोखा देश के लगभग हर हिस्से में मशहूर है. जिसने भी एक बार इसका स्वाद चख लिया, वो दोबारा इसे खाने से खुद को रोक नहीं पाएगा।वैसे तो चोखा लिट्टी के साथ ही ज्यादा खाया जाता है। लेकिन खिचड़ी और दाल चावल के साथ भी इसका स्वाद आपके मुंह में पानी भर देगा। दाल चावल हो, खिचड़ी हो या फिर लिट्टी सबके साथ चोखे का कॉम्बिनेशन न केवल खाने का जायका बढ़ाता है बल्कि एक पूर्ण पोषण भी देता है।

चलिए अब तारीफों से पेट भरने के बजाय इसे फटाफट बनाना भी सीख लेते हैं। 

आलू का चोखा बनाने की विधि

4 मीडियम साइज आलू उबाल लें। उबलने के बाद छिलके निकाल लें। अब इसे अच्छी तरह मैश करें। अब नमक डालें। बारीक कटा प्याज और मिर्च डालें। थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर डालें। अब इसमें एक चम्मच सरसों का तेल डालें। अगर आपके पास भरवां मिर्च का अचार है तो इसमें थोडा़ सा मसाला डालकर अच्छे से मैश कर लीजिए। यदि अचार का मसाला न हो तो आधा चम्मच, जीरा, तीसी और धनिया को रोस्ट करके उसका पाउडर बना कर उसमें मिला लें। साथ ही इसमें बारीक कटा हरा धनिया भी डाल दें। आपका बिहार स्पेशल आलू का चोखा बनकर तैयार है।

अगर आप कच्चा तेल नहीं डालना चाहते हैं तो इसे पैन में हल्का फ्राई करके भी खा सकते हैं। तो पैन गरम करें और तेल डालें। एक चुटकी हींग, राई और लाल मिर्च पाउडर डालें। तेल के गरम होते ही इसमें तैयार चोखे को डाल दें। इस आलू चोखा को वरन-भात, चटनी के साथ परोसें। यह रेसिपी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहतमंद भी है। अगर आपने अभी तक नहीं खाया है तो आज ही इसे ट्राई करें और अपने संडे को खासमखास बनाएं।

अमृता, नेशन्स न्यूट्रिशन                                              (क्वालीफाईड डायटीशियन एडुकेटर अहमदाबाद) 

By AMRITA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *