कई बार जब हम सुबह उठते हैं तो शीशे में अपने आप को देखकर चौंक जाते हैं- चेहरा फूला हुआ, आंखों के नीचे सूजन और थकी हुई त्वचा। कभी कभार ऐसा होना कोई खतरे की बात नहीं है, लोग इसे सामान्य मानकर अनदेखा कर देते हैं, लेकिन अगर ऐसा रोज़ हो रहा है तो यह आपके शरीर की ओर से संकेत हो सकता है।

चेहरे पर सूजन कई कारणों से हो सकती है जैसे – खराब नींद, हाई सोडियम डाइट, देर रात खाना, एलर्जी या हॉर्मोनल बदलाव। कई बार यह आपकी किडनी या थायरॉयड जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से भी जुड़ा हो सकता है। इसलिए यह समझना ज़रूरी है कि ऐसा क्यों हो रहा है।

 

हम 6 आम कारणों के बारे में बात करेंगे जो सुबह-सुबह आपके चेहरे पर सूजन लाते हैं। साथ ही कुछ आसान टिप्स भी जानेंगे जिनकी मदद से आप चेहरे की सूजन को कम कर सकते हैं और हर सुबह फ्रेश और तरोताज़ा लुक पा सकते हैं। क्योंकि स्वस्थ चेहरा सिर्फ़ कॉस्मेटिक से नहीं, बल्कि लाइफ़स्टाइल से बनता है।

 

चेहरे पर सूजन के 6 प्रमुख कारण :

 

नींद की कमी या सोने का गलत तरीका

अगर आप पूरी नींद नहीं ले रहे हैं या सिर नीचे करके सो रहे हैं तो यह चेहरे पर सूजन का सबसे आम कारण हो सकता है। जब आप सही स्थिति में नहीं सोते हैं या पर्याप्त नींद नहीं लेते हैं, तो चेहरे पर तरल पदार्थ जमा हो जाता है, जिससे आंखों और गालों में सूजन आ जाती है। कोशिश करें कि रोजाना 7-8 घंटे की नींद लें और रक्त संचार को बेहतर बनाने के लिए अपने सिर को थोड़ा ऊपर करके सोएं।पेट के बल सोने से भी यह समस्या हो सकती है।

 

हाई सोडियम डाइट या देर रात का खाना

अगर आप रात में चिप्स, स्नैक्स, पिज्जा या प्रोसेस्ड फूड खाकर सोते हैं, तो सुबह आपका चेहरा फूला हुआ होना लाजिमी है। उच्च सोडियम वाले खाद्य पदार्थ शरीर में पानी को बनाए रखने का काम करते हैं जिससे चेहरे पर सूजन आ जाती है। देर रात भारी भोजन करने से पाचन क्रिया भी प्रभावित होती है और चेहरे पर तरल पदार्थ जमा होने लगता है। रात में हल्का और कम नमक वाला खाना खाएं और खाने के कम से कम दो घंटे बाद सोएं।

 

डिहाइड्रेशन और ओवर वाटर इनटेक

ज्यादा पानी पीने की वजह से शरीर में पानी जमा होने लगता है जिसकी वजह से शरीर और चेहरे पर सूजन आना सामान्य है। लेकिन, आप मानें या न मानें, पर्याप्त पानी न पीने से भी आपका चेहरा सूज सकता है। जब शरीर में पानी की कमी होती है, तो उसमें पानी जमा हो जाता है, जिससे चेहरे और आंखों के नीचे सूजन हो सकती है। खासकर अगर आप दिनभर में बहुत ज़्यादा चाय, कॉफ़ी या नमकीन चीज़ें ले रहे हैं, तो पानी की कमी ज़्यादा होती है। हर रोज़ कम से कम 7-8 गिलास पानी पीना न भूलें और सुबह एक गिलास गुनगुना पानी पिएँ।

 

एलर्जी या स्किन रिएक्शन

कई बार चेहरे पर सूजन का कारण एलर्जी या स्किन रिएक्शन भी होता है। यह एलर्जी खाने, धूल या किसी उत्पाद के रिएक्शन से हो सकती है। अगर आंखों, होठों या गालों के आस-पास बार-बार सूजन हो रही है, तो डॉक्टर से एलर्जी टेस्ट करवाना ज़रूरी है। साथ ही, कोई भी नई क्रीम, फेसवॉश या ब्यूटी प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट ज़रूर करें।

 

हार्मोनल बदलाव या मेडिकल कंडीशन

महिलाओं में पीरियड्स, प्रेग्नेंसी या मेनोपॉज़ के दौरान होने वाले हार्मोनल बदलाव की वजह से भी चेहरे पर सूजन आ सकती है। इसके अलावा थायरॉइड, किडनी की समस्या या किसी दूसरी मेडिकल कंडीशन की स्थिति में भी सुबह के समय चेहरे पर सूजन महसूस हो सकती है। अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहे और घरेलू उपायों से ठीक न हो तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है। कई बार सूजन किसी अंदरूनी बीमारी का संकेत भी होती है।

 

चेहरे की सूजन से बचने के आसान उपाय

 

चेहरे की सूजन से बचने के लिए कुछ आसान आदतें अपनाई जा सकती हैं। जैसे-

रात को जल्दी और हल्का खाना खाएं

खूब पानी पिएं

पर्याप्त नींद लें और सिर ऊंचा करके सोएं

सुबह ठंडे पानी के छींटे मारने या चेहरे पर बर्फ लगाने से सूजन तुरंत कम हो जाती है

नमक की मात्रा कम करें और फाइबर युक्त भोजन अधिक खाएं

अपने शरीर के मेटाबॉलिज्म को दुरुस्त रखने और पानी का संतुलन सही रखने के लिए दिनभर सक्रिय रहें

 

अमृता कुमारी – नेशन्स न्यूट्रिशन                        क्वालीफाईड डायटीशियन                                    डायबिटीज एजुकेटर, अहमदाबाद

By AMRITA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *