होली की उमंग और उत्साह के बाद शरीर का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता होती है। त्योहारों के मौसम में हम न चाहते हुए भी कई तरह की अस्वास्थकर चीजों का सेवन कर लेते हैं। इसके बाद शरीर को डिटॉक्स करना बहुत जरूरी माना जाता है। अस्वास्थ्यकर खाद्य-पेय पदार्थों के दीर्घकालिक नुकसान हो सकते हैं, इसके लिए शरीर का डिटॉक्सीनेशन बहुत आवश्यक माना जाता है। होली की अगली सुबह आपके लिए कुछ खास पेय पदार्थों का सेवन करना विशेष लाभकारी हो सकता है। यह शरीर से अतिरिक्त शर्करा और अपशिष्टों को बाहर करके पेट साफ करने और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में आपकी मदद कर सकते हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक नियमित रूप से हम सभी को शरीर को डिटॉक्स करने के उपाय करते रहने चाहिए। भोजन की अशुद्धि, शरीर में जमा अतिरिक्त वसा, शर्करा को बाहर करने में यह आपके लिए आवश्यक होता है। इन चीजों का शरीर में संचय लिवर, कोलन और किडनी जैसे अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। होली के अगले दिन सभी लोगों को शरीर को डिटॉक्स करने के उपाय जरूर करने चाहिए।

नींबू-पानी पीना विशेष लाभदायक
होली की अगली सुबह खाली पेट नींबू-पानी का सेवन करना आपके लिए विशेष लाभदायक हो सकता है। शरीर से विषाक्तता को दूर करने और वजन को कम करने में इस पेय के लाभ का जिक्र मिलता है। एक गिलास गुनगुने पानी में आधा नींबू निचोड़ें और उसमें एक इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक मिलाएं। इस पेय का सेवन आपकी सेहत के लिए बहुत लाभदायक हो सकता है। अदरक में जिंजरोल होता है जो पेट की समस्याओं को रोकने और पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है, वहीं नींबू न केवल विटामिन-सी से भरपूर होते हैं बल्कि इसमें एंटीऑक्सिडेंट भी होते हैं जो शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचा सकता है।

जीरे का पानी पिएं
शरीर के डिटॉक्सीनेशन के लिए जीरे के पानी का सेवन करना भी आपके लिए विशेष लाभदायक हो सकता है। जीरे का पानी सभी विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालकर आपके शरीर को डिटॉक्सीफाई करने में सहायक है। यह पाचन क्रिया को तेज करता है और मेटाबॉलिज्म रेट को बढ़ाता है। वजन कम करने के लिए भी रोजाना सुबह खाली पेट जीरा का पानी पीना आपके लिए विशेष लाभदायक हो सकता है।

खीरा-पुदीना का पेय
खीरा-पुदीना से तैयार पेय न केवल शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है, बल्कि स्वाद में भी अच्छा होता है। पाचन को भी बेहतर बनाए रखने में इस पेय को काफी लाभदायक माना जाता है। इस पेय को तैयार करने के लिए किसी बर्तन में ताज़े पुदीने के पत्तों के साथ खीरे के कुछ स्लाइस डालें। इसे कुछ देर के लिए ऐसे ही रहने दें और पूरे दिन इसका सेवन करते रहें। खीरे में एंटीऑक्सिडेंट होते हैं जो मुक्त कणों से लड़ने में मदद करते हैं और इसके हाइड्रेटिंग प्रभाव के कारण यह शरीर से विषाक्त पदार्थों को निकालने में मदद करता है।

   प्रियंवदा दीक्षित, फूड फॉर हील  ‌‌                          (क्वालीफाईड डायटीशियन, आगरा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *