अगर आपके सामने अचानक कोई व्यक्ति बेहोश होकर गिर जाए तो घबराने के बजाय तुरंत और सही कदम उठाना बेहद जरूरी है। शुरुआती कुछ मिनट ऐसे होते हैं, जब सही प्राथमिक मदद व्यक्ति की जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

ऐसी स्थिति में सबसे पहले यह पता लगाना जरूरी है कि व्यक्ति सिर्फ बेहोश हुआ है या उसकी सांस और धड़कन भी बंद हो चुकी है। जयपुर स्थित नारायणा हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. बृज वल्लभ शर्मा के मुताबिक, सबसे पहले अपनी और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

 

इसके बाद बेहोश व्यक्ति के पास जाकर उसे आवाज दें और कंधे पर हल्के से थपथपाकर देखें कि वह कोई प्रतिक्रिया दे रहा है या नहीं। अगर व्यक्ति प्रतिक्रिया नहीं देता है तो तुरंत आसपास के लोगों से मदद मांगें और किसी से 112 पर इमरजेंसी कॉल करने को कहें।

 

सबसे पहले सांस की जांच करें

 

मदद के लिए कॉल करने के बाद व्यक्ति की सांस जांचें। देखें कि वह सामान्य तरीके से सांस ले रहा है या नहीं।

 

अगर व्यक्ति सांस नहीं ले रहा है या सिर्फ हांफने जैसी असामान्य सांस ले रहा है, तो इसे सामान्य सांस नहीं माना जाना चाहिए। यह कार्डियक अरेस्ट का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत CPR शुरू करना जरूरी है।

 

CPR कैसे दें?

 

अगर व्यक्ति सामान्य रूप से सांस नहीं ले रहा है, तो उसे पीठ के बल किसी सख्त और समतल सतह पर लिटाएं। इसके बाद छाती के बीच वाले हिस्से पर दोनों हाथ रखकर लगातार और तेज चेस्ट कम्प्रेशन दें।

 

वयस्क व्यक्ति में छाती को करीब 5 से 6 सेंटीमीटर तक दबाने और प्रति मिनट 100 से 120 कम्प्रेशन की गति बनाए रखने की कोशिश करें।

 

अगर आप CPR देने के लिए प्रशिक्षित हैं और ऐसा करने में सहज महसूस करते हैं, तो 30 चेस्ट कम्प्रेशन के बाद 2 सांसें दी जा सकती हैं। अगर माउथ-टू-माउथ सांस देने में सहज नहीं हैं, तो लगातार चेस्ट कम्प्रेशन देना भी मददगार हो सकता है।

 

ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर इस्तेमाल करें

 

अगर आसपास ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर (AED) उपलब्ध है, तो उसे तुरंत मंगवाएं। AED को चालू करके उसके ऑडियो या स्क्रीन पर दिए निर्देशों का पालन करें।

 

यह डिवाइस दिल की रिदम का विश्लेषण करता है और जरूरत पड़ने पर इलेक्ट्रिक शॉक देने की सलाह देता है। इसका इस्तेमाल प्रशिक्षित व्यक्ति या डिवाइस के निर्देशों का पालन करते हुए किया जा सकता है।

हर बेहोश व्यक्ति को CPR देने की जरूरत नहीं

 

यह समझना भी जरूरी है कि हर बेहोश व्यक्ति को CPR की जरूरत नहीं होती। अगर व्यक्ति बेहोश है लेकिन सामान्य रूप से सांस ले रहा है, तो CPR शुरू न करें।

 

ऐसे व्यक्ति को सुरक्षित रिकवरी पोजीशन में करवट से रखें, उसकी सांस पर नजर रखें और मेडिकल मदद आने तक उसके पास रहें। बेहोश व्यक्ति को मुंह से पानी, खाना या दवा देने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।

 

किन कारणों से हो सकती है बेहोशी?

 

बेहोशी के पीछे कई अलग-अलग कारण हो सकते हैं। इनमें शामिल हैं:

 

अचानक ब्लड प्रेशर कम होना

लो ब्लड शुगर

हार्ट अटैक

स्ट्रोक

दिल से जुड़ी गंभीर समस्या

शरीर में अन्य गंभीर गड़बड़ियां

व्यक्ति के होश में आने के बाद भी स्थिति को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, खासकर अगर बेहोशी अचानक हुई हो या पहले भी ऐसी घटना हो चुकी हो।

 

अगर बेहोशी के साथ सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, तेज सिरदर्द, शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी या बोलने में दिक्कत जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत मेडिकल जांच करानी चाहिए।

 

नोट: यह जानकारी प्राथमिक मदद के लिए है। गंभीर स्थिति में तुरंत स्थानीय इमरजेंसी सेवा से संपर्क करें और मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह लें।

By AMRITA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *