
आजकल आवश्यकता से अधिक तनाव, खराब खानपान, प्रदूषण और बदलती लाइफस्टाइल के कारण कई लोग समय से पहले सफेद बालों की परेशानी का सामना कर रहे हैं. सफेद बालों को छिपाने के लिए अधिकतर लोग हेयर डाई यानी हेयर कलर का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि बार-बार केमिकल युक्त डाई का इस्तेमाल करने से बाल कमजोर हो जाते हैं और कई लोगों को एलर्जी भी हो जाती है. इसी वजह से कई लोग हेयर कलर के प्राकृतिक विकल्पों की तलाश करते हैं. आपको बाल काले करने के कुछ घरेलू नुस्खे बता रहे हैं.
मेहंदी और कॉफी
बालों को प्राकृतिक रूप से रंगने के लिए मेहंदी और कॉफी का मिश्रण काफी लोकप्रिय माना जाता है. मेहंदी बालों को प्राकृतिक रंग देने के साथ-साथ उन्हें कंडीशन करने में भी मदद करती है, जबकि कॉफी बालों को गहरा भूरा या डार्क टोन देने में सहायक मानी जाती है. सबसे पहले मेहंदी पाउडर में गाढ़ा बना हुआ कॉफी मिलाकर पेस्ट तैयार करें. इस मिश्रण को कुछ घंटों के लिए ढककर रखें और फिर बालों में लगाएं. करीब 2 से 3 घंटे बाद बालों को सादा पानी से धो लें. नियमित इस्तेमाल से बालों में प्राकृतिक रंगत दिखाई दे सकती है.
आंवला और भृंगराज
आंवला और भृंगराज को आयुर्वेद में बालों की देखभाल के लिए काफी उपयोगी माना जाता है. आंवला विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है, जबकि भृंगराज को बालों के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी जड़ी-बूटी माना जाता है. आंवला पाउडर और भृंगराज पाउडर को पानी या नारियल तेल में मिलाकर पेस्ट तैयार किया जा सकता है. इसे बालों और स्कैल्प पर लगाकर कुछ समय बाद धो लें. यह मिश्रण बालों को पोषण देने और उनकी प्राकृतिक चमक बनाए रखने में मदद कर सकता है.
अंदरूनी देखभाल भी जरूरी
बालों की सेहत के लिए केवल घरेलू नुस्खों पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है. संतुलित आहार, पर्याप्त पानी, अच्छी नींद और तनाव कंट्रोल भी बेहद जरूरी हैं. आहार में प्रोटीन, आयरन, जिंक और विटामिन B12 जैसे पोषक तत्व शामिल करने से बालों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है. अगर बाल तेजी से सफेद हो रहे हैं या झड़ने की समस्या बढ़ रही है, तो डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर रहेगा.
