
गर्मी का मौसम शुरू होते हैं डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है.धूप इतनी तेज होती है और कामकाज के लिए घर से निकलना जरूरी तो है ही.ऐसे में आप हिट्स स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के शिकार आसानी से बन सकते हैं.
डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए खानपान सही रखने की जरूरत होती है. कई बार हमें लगता है कि पर्याप्त मात्रा में पानी पी रहे हैं, फिर भी डिहाइड्रेशन क्यों हो रहा है. दरअसल कुछ ऐसी चीजें हैं जो आपको डिहाइड्रेट कर सकती हैं यानी शरीर में पानी की कमी की वजह बन सकती हैं.
पानी की कमी होने पर कुछ लक्षण दिखाई देते हैं, जैसे कम टॉयलेट आना या फिर टॉयलेट का रंग डार्क पीला दिखना, मुंह सूखना, सुस्ती और थकान महसूस होना. कई बार सिरदर्द और फोकस में भी कमी हो सकती है. जान लीजिए कि आपके खानपान की कौन सी आदतें शरीर में पानी की कमी की वजह बन सकती हैं.
ज्यादा चाय-कॉफी की आदत
चाय-कॉफी तुरंत एनर्जेटिक महसूस करवाती है. दरअसल इसकी वजह होती है इसमें मौजूद कैफीन. यही वजह है कि काम करने के दौरान लोग कई-कई कप चाय और कॉफी पी जाते हैं. आपको भी अगर ये आदत है तो इसे सुधारना जरूरी है. दरअसल चाय-कॉफी में मौजूद कैफीन थोड़ी मात्रा में लिया जाए तो फायदेमंद रहता है, लेकिन ये एक डाइयूरेटिक है यानी पानी को शरीर से बाहर निकालता है. इस वजह से अगर आप ज्यादा चाय-कॉफी पीते हैं तो पानी की कमी हो सकती है.
नमक या नमकीन भोजन का अधिक सेवन करना
खाने का स्वाद नमक के बिना बेकार है, भले ही कितने मसाले डाले गए हो, लेकिन इसे सीमित मात्रा में खाना जरूरी है. हम अपने डेली मील से तो नमक का सेवन करते ही हैं. इसके अलावा स्नैक्स में चिप्स, नमकीन, साल्ट पीनट्स जैसी चीजें भी खाते रहते हैं. इन सारी पैकेज्ड चीजों में नमक काफी ज्यादा मात्रा में होता है और इसे खाने से आपके शरीर में पानी की कमी हो सकती है. दरअसल नमक खाते हैं तो सोडियम की ज्यादा मात्रा को बाहर निकालने के लिए किडनी ज्यादा पानी का यूज करती है और इससे आपको बार-बार टॉयलेट आती है. इस वजह से डिहाइड्रेशन हो सकता है साथ ही किडनी पर ही दबाव बढ़ता है.
सॉफ्ट ड्रिंक्स पीने की आदत
गर्मियों में लोगों को लगता है कि बस कुछ ठंडा खाने या पीने को मिल जाए. इसी के चलते आइसक्रीम, फ्रोजन डेजर्ट और खासतौर पर कोल्ड ड्रिंक की मांग मार्केट में बढ़ जाती है. कुछ लोग तो दिनभर में कई बार कोल्ड ड्रिंक पी लेते हैं. ये सिर्फ कार्बोनेटेड वाटर होता है, जिसमें कलर, चीनी और बाकी के फ्लेवर पड़े होते हैं. ये डिहाइड्रेशन की वजह बन सकते हैं, इसलिए कोल्ड ड्रिंक बहुत ही कम मात्रा में पीनी चाहिए.
इनसे रखें परहेज
गर्मियों में आपको तले हुए फूड से दूरी बनानी चाहिए. इसके अलावा प्रोसेस्ड फूड्स को भी अवॉइड करें. इन फूड्स में नमी कम होती है और फैट बहुत ज्यादा होता है, इसलिए पाचन के दौरान शरीर को ज्यादा पानी की जरूरत होती है. इस वजह से ये फूड्स न सिर्फ डिहाइड्रेशन की वजह बन सकते हैं, बल्कि पेट में गैस, दस्त, एसिडिटी जैसी दिक्कतें भी हो जाती हैं.
