सर्दी का मौसम जा रहा है और गर्मी शुरू हो रही है और साथ ही शुरू हो रहे हैं हर तरफ मच्छरों का प्रकोप और मच्छर जनित बीमारियां जैसे कि मलेरिया और डेंगू ।  मच्छरों से बचने के लिए अक्सर हम बाजार से संबंधित अगरबत्ती या इलेक्ट्रिक उपकरण लेकर आते हैं। कई बार इसके धुएं से हमें श्वास संबंधी परेशानियां भी उठानी पड़ती है। आज हम कुछ ऐसे घरेलू उपाय के बारे में बताएंगे जिससे आप न सिर्फ मच्छरों के प्रकोप से खुद को बचा सकते हैं बल्कि मच्छरों को पूरी तरीके से घर के अंदर आने से रोक भी सकते हैं।

बाजार में मिलने वाले कई मच्छर भगाने वाले प्रोडक्ट्स जैसे कॉइल, स्प्रे या लिक्विड में केमिकल होते हैं, जो लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं। ऐसे में बहुत से लोग प्राकृतिक और सुरक्षित विकल्प की तलाश करते हैं। आयुर्वेद में मच्छरों को दूर रखने के कई आसान घरेलू उपाय बताए गए हैं, जिन्हें अपनाकर आप घर में मच्छरों की समस्या को काफी हद तक कम कर सकते हैं।

 

बदलता मौसम औश्र मच्छरों का प्रकोप

 

मच्छरों से बचने के लिए यह समझना जरूरी है कि वे किन जगहों पर सबसे ज्यादा पनपते हैं। आमतौर पर मच्छर गंदगी, अंधेरी जगहों और रुके हुए पानी में तेजी से बढ़ते हैं। घर के आसपास गमलों, कूलर, टंकी या किसी भी बर्तन में जमा पानी मच्छरों के लिए प्रजनन स्थल बन सकता है। इसलिए सबसे जरूरी है कि घर और आसपास के इलाके में साफ-सफाई रखी जाए और कहीं भी पानी जमा न होने दिया जाए।

 

गाय के गोबर की धूप

 

आयुर्वेद में गाय के गोबर को शुद्धिकारी माना जाता है। सूखे गोबर के कंडे को जलाने से निकलने वाला धुआं वातावरण को शुद्ध करने में मदद करता है और मच्छरों को दूर रखने में भी सहायक माना जाता है। आजकल बाजार में गाय के गोबर से बनी धूपबत्ती या अगरबत्ती भी मिल जाती है, जिन्हें जलाने से घर में प्राकृतिक सुगंध फैलती है और मच्छरों की समस्या कम हो सकती है।

 

कपूर का आसान उपाय

 

अगर धुआं करना संभव न हो तो कपूर का उपाय अपनाया जा सकता है। इसके लिए एक छोटी कटोरी में पानी भरें और उसमें 2-3 कपूर की टिकिया डाल दें। धीरे-धीरे कपूर की खुशबू पूरे कमरे में फैलने लगती है, जिससे मच्छर दूर रहने लगते हैं। यह एक सरल और प्राकृतिक तरीका माना जाता है।

 

सरसों का तेल और अजवाइन

 

मच्छरों को भगाने के लिए सरसों का तेल और अजवाइन भी उपयोगी घरेलू उपाय माने जाते हैं। इसके लिए सरसों के तेल में पिसी हुई अजवाइन मिलाकर कागज के छोटे टुकड़ों या रूई पर लगाएं और इन्हें कमरे के अलग-अलग कोनों में रख दें। इनकी तेज गंध मच्छरों को पसंद नहीं आती और वे आसपास कम आने लगते हैं। कुछ लोग सोने से पहले हल्का सरसों का तेल शरीर पर भी लगाते हैं, जिससे मच्छरों के काटने का खतरा कम हो सकता है।

 

नीम के तेल का दीपक

 

आयुर्वेद में नीम को औषधीय गुणों से भरपूर माना जाता है। नीम का तेल मच्छरों को दूर रखने में भी मददगार माना जाता है। शाम के समय घर के किसी कोने में नीम के तेल का छोटा दीपक जलाया जा सकता है। इसकी तेज सुगंध मच्छरों को पसंद नहीं आती, जिससे वे कमरे से दूर रहते हैं। यह तरीका केमिकल वाले रिपेलेंट की तुलना में अधिक प्राकृतिक और सुरक्षित माना जाता है।

 

अगर इन घरेलू उपायों के साथ घर में साफ-सफाई और पानी जमा न होने का ध्यान रखा जाए, तो मच्छरों की समस्या काफी हद तक कम की जा सकती है।

By AMRITA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *