देश में तंबाकू खाने वाले लोगों की तादाद करोड़ों में है. हर गली-मोहल्ले में आपको तंबाकू मिल जाती है. तंबाकू खाने वाले लोगों को इसकी लत लग जाती है, जिसे छोड़ना बहुत मुश्किल होता है.

बड़ी संख्या में लोग सिगरेट भी पीते हैं, जिसे सेहत के लिए खतरनाक माना जाता है. अक्सर लोगों को लगता है कि तंबाकू खाना सिगरेट पीने के मुकाबले कम नुकसानदायक होती है. डॉक्टर्स की मानें तो तंबाकू और स्मोकिंग दोनों से कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. बीड़ी-सिगरेट में भी तंबाकू भरी होती है. ऐसे में चाहें आप तंबाकू खाएं या सिगरेट पिएं, दोनों ही मामलों में आपकी सेहत को नुकसान होना तय है. तंबाकू चबाने से सेहत को इतना नुकसान होता है, जितना आप सोच भी नहीं सकते.

 

रिपोर्ट के मुताबिक सिगरेट मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करती है, जबकि तंबाकू मुंह, गले और पैंक्रियाज जैसे हिस्सों में कैंसर और अन्य जानलेवा बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ा देती है. तंबाकू चबाने से सेहत को सिगरेट से भी कई गुना ज्यादा नुकसान हो सकता है. तंबाकू के प्रोडक्ट्स में निकोटीन की मात्रा बहुत ज्यादा होता है. यह तत्व मुंह की परतों से सीधे ब्लड में अवशोषित हो जाता है, जिससे लोगों को इसकी लत लग जाती है. तंबाकू खाने से शरीर में वही नशा पैदा होता है, जैसे सिगरेट पीने से होता है. इसलिए दोनों ही आदतें आपके लिए जानलेवा हो सकती हैं.

 

अमेरिकन लंग एसोसिएशन (ALA) के अनुसार तंबाकू खाने से जुड़ा सबसे बड़ा खतरा कैंसर का जोखिम है. कई रिसर्च में पता चला है कि तंबाकू खाने से मुंह, गले और अग्न्याशय के कैंसर होने का खतरा बहुत ज्यादा होता है. कई स्टडीज में यह भी पाया गया है कि तंबाकू खाने वाले लोगों में कैंसर की शुरुआत और प्रगति सिगरेट पीने वालों की तुलना में ज्यादा तेज होती है. तंबाकू खाने से सिर्फ कैंसर नहीं होता है, बल्कि इससे दांतों, मसूड़ों और मुंह की सेहत भी बिगड़ जाती है. यह मसूड़ों में सूजन, दांतों में डैमेज, मसूड़ों का पीछे हटना और दांतों का झड़ना जैसी समस्याओं को जन्म दे सकता है.

 

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रीवेंशन (CDC) की रिपोर्ट साफ कहती है कि तंबाकू खाने से हार्ट डिजीज, स्ट्रोक और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ता है. तंबाकू चबाने से शरीर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ते हैं. इससे हार्ट और ब्लड वेसल्स पर भी दबाव बढ़ता है, जिससे दिल का दौरा और स्ट्रोक का जोखिम बढ़ता है. तंबाकू के उपयोग का असर गर्भावस्था में भी गंभीर होता है. तंबाकू खाना भी सिगरेट जितना ही खतरनाक है. हेल्थ एक्सपर्ट्स बताते हैं कि तंबाकू चाहे चबाया जाने वाला हो या सिगरेट में भरी हो, इसका सेवन करना बिल्कुल भी सेफ नहीं है. यह जानलेवा हो सकता है. लोगों को इससे तुरंत छुटकारा पाने की कोशिश करनी चाहिए.

By AMRITA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *