गर्मियों में गले को तर करने और गर्मी को दूर करने का तरबूज से अच्छा विकल्प और कोई हो नहीं सकता। तरबूज गर्मियों का सबसे खास फल है, जो न सिर्फ प्यास बुझाता है, बल्कि भूख को भी शांत करता है।
तरबूज के फायदे
हृदय स्वास्थ्य
हृदय स्वास्थ्य के लिए तरबूज के फायदे बहुत हैं। रोजाना तरबूज खाने या इसका जूस पीने से खराब कोलेस्ट्रॉल के संचय को रोका जा सकता है, जो हृदय रोग का कारण बन सकता है। तरबूज के इन हृदय-स्वस्थ गुणों के पीछे तरबूज में पाया जाने वाला साइट्रलाइन नामक पदार्थ है। साइट्रलाइन अच्छी तरह से एथेरोस्क्लेरोसिस (धमनियों में प्लाक जमने की समस्या) पर लाभकारी प्रभाव डाल सकता है।
पाचन स्वास्थ्य
पाचन क्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए तरबूज आपकी मदद कर सकता है। तरबूज में पानी की अधिकता होती है और पानी भोजन पचाने में सबसे अहम तत्व माना जाता है। इसके अलावा, इसमें फाइबर भी पाया जाता है, जो पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने के साथ-साथ कब्ज, डायरिया व गैस जैसी समस्याओं से निजात दिलाने का काम करता है। पेट की दिक्कतों से बचे रहने के लिए आप अपने दैनिक आहार में तरबूज को शामिल कर सकते हैं।
वजन घटाने के लिए
वजन घटान के लिए भी तरबूज के फायदे बहुत हैं।जो लोग अपने बढ़ते वजन से परेशान हैं, वो अपने दैनिक आहार में तरबूज को शामिल कर सकते हैं। वजन कम करना, तरबूज के सबसे अच्छे स्वास्थ्य लाभों में से एक है। तरबूज में कैलोरी की मात्रा कम होती है, जबकि फाइबर अधिक पाया जाता है। इसके अलावा यह शरीर को डिटॉक्सीफाई करने में भी सहायक हो सकता है।
रखता है हाइड्रेट
शरीर को स्वस्थ रखने के लिए हाइड्रेट रहना बहुत जरूरी है, यानी आपके शरीर में जल पर्याप्त मात्रा में होना चाहिए। डिहाइड्रेशन कई शारीरिक समस्याओं का कारण बन सकता है, जैसे कब्ज, कमजोरी, सिर चकराना, सिर दर्द, मुंह सुखना, पेट फूलना व लो बीपी आदि।तरबूज में पानी की अधिकता होती है, इसलिए यह शरीर को हाइड्रेट रखने का काम करता है। खासकर, गर्मियों के दौरान निर्जलीकरण की समस्या ज्यादा होती, इसलिए डॉक्टर भी तरबूज का जूस पीने की सलाह देते हैं। यह शरीर को रिहाइड्रेट करता है और पेट को ठंडा रखता है।
रोग प्रतिरोधक क्षमता
विटामिन-सी से भरपूर होने के कारण तरबूज शरीर की रोग प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करता है। इसके अलावा, तरबूज में फाइबर भी पाया जाता है, जो पाचन क्रिया को स्वस्थ रखने का काम कर सकता है। वहीं, आंतों का स्वास्थ्य अच्छे बैक्टीरिया के माध्यम से रोग-प्रतिरोधक क्षमता में सुधार करने में सहायक हो सकता है।इस खास फल में विटामिन-बी6 भी होता है, जो प्रतिरक्षा प्रणाली को एंटीबॉडी का उत्पादन करने में मदद करता है। तरबूज में मौजूद विटामिन-ए प्रतिरक्षा प्रणाली को नियंत्रित करता है और संक्रमण से बचाता है।
रक्तचाप नियंत्रण
तरबूज साइट्रलाइन नामक एमिनो एसिड से समृद्ध होता है, जो रक्तचाप के लिए फायदेमंद हो सकता है। साइट्रलाइन ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में सहायक हो सकता है। तरबूज पोटैशियम का भी अच्छा स्रोत है, जिसे उच्च रक्तचाप को कम करने के लिए जाना जाता है। पोटैशियम एक इलेक्ट्रोलाइट भी है, जो व्यायाम के दौरान रक्तचाप को नियंत्रित करता है।
आंखों के लिए
आंखों के लिए भी तरबूज के लाभ बहुत हैं।तरबूज विटामिन-ए का अच्छा स्रोत है, जो आंख के रेटिना में पिगमेंट का उत्पादन करने में मदद करता है। इससे उम्र से संबंधित नजर के धुंधलेपन को दूर करने में मदद मिल सकती है। विटामिन-ए को रेटिनॉल भी कहा जाता है, जो कम रोशनी में अच्छी दृष्टि को बढ़ावा देता है।
हड्डी स्वास्थ्य
हड्डी स्वास्थ्य के लिए भी तरबूज के फायदे बहुत हैं। तरबूज विटामिन-सी से भरपूर होता है, जो हड्डियों के लिए फायदेमंद माना जाता है। एक रिपोर्ट के अनुसार शरीर में विटामिन-सी की कमी से स्कर्वी और हड्डियों में दर्द जैसी समस्या हो सकती है।
मसूड़ों के लिए
ओरल हेल्थ के लिए भी तरबूज का सेवन किया जा सकता है। तरबूज विटामिन-सी से समृद्ध होता है और विटामिन-सी दांतों और मसूड़ों के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। एक रिपार्ट के अनुसार विटामिन-सी की कमी से मसूड़े से संबंधित समस्या हो सकती है।
जलन-सूजन की स्थिति में
तरबूज में मौजूद लाइकोपीन एंटीइंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुणों से समृद्ध होता है, जो जलन और सूजन जैसी स्थिति में फायदा पहुंचा सकता है। इसके अलावा, तरबूज में कोलाइन नामक तत्व भी पाया जाता है, जो एंटीनोसाइसेप्टिव और एंटीइंफ्लेमेटरी से समृद्ध होता। ये दोनों तत्व शरीर में दर्द, सूजन व जलन की स्थिति में फायदा पहुंचा सकते हैं।
शरीर में ऊर्जा के लिए
शरीर में ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने के लिए तरबूज का नियमित सेवन कर सकते हैं। तरबूज विटामिन-बी का अच्छा स्रोत है, जो शरीर में ऊर्जा के प्रवाह को बढ़ाने का काम करता है। तरबूज जरूरी विटामिन, जैसे बी6 से समृद्ध होता है, जो ऊर्जा के अच्छे स्रोत माने जाते हैं। इसके अलावा, तरबूज में पानी की मात्रा ज्यादा होती है, जो थकावट और प्यास को दूर कर खोई हुई ऊर्जा की पूर्ति करता है।
त्वचा के लिए
त्वचा के लिए भी तरबूज के फायदे बहुत हैं। इसमें पानी की अधिकता होती है, इसलिए यह त्वचा के सूखेपन को दूर कर स्कीन को हाइड्रेट और मॉइश्चराइज करने का काम करता है। तरबूज विटामिन-ए से भी समृद्ध होता है, जो त्वचा के बड़े रोम छिद्रों को कम कर सकता है। चेहरे के लिए आप तरबूज का फेसपैक बना सकते हैं।
बालों के लिए
बालों के लिए भी तरबूज खाने के फायदे बहुत हैं। तरबूज विटामिन-सी से समृद्ध होता है, जो शरीर को गैर-हीम आयरन का उपयोग करने में मदद करता है। गैर-हीम आयरन स्वस्थ बालों को बढ़ावा देता है। स्वस्थ बालों के विकास के लिए कोलेजन की भी आवश्यकता होती है और तरबूज में मौजूद विटामिन-सी कोलेजन को बढ़ावा देने में मदद करता है।
कब्ज के लिए तरबूज
पाचन तंत्र खराब होने पर कब्ज हो सकती है, जिसमें व्यक्ति का मल सख्त हो जाता है और मल त्याग में कठिनाई आती है। कब्ज बच्चों, वृद्धों और गर्भवती महिलाओं में आम है। कब्ज दुनिया भर में सबसे आम गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल की शिकायत है, जिसके सालाना दो मिलियन से अधिक मामले सामने आते हैं। इस स्थिति को सुधारने के लिए तरबूज आपकी मदद कर सकता है। तरबूज में जल और फाइबर जैसे पोषक तत्वों की अधिकता होती है, इसलिए यह कब्ज की समस्या से निजात दिला सकते हैं।
तनाव से मुक्ति
तनाव से मुक्ति पाने की लिए भी तरबूज का सेवन किया जा सकता है।तरबूज विटामिन-सी से समृद्ध होता है, जो एंटीस्ट्रेस के रूप में जाना जाता है। विटामिन-सी एक प्रसिद्ध एंटीऑक्सीडेंट है, जो चिंता, तनाव, अवसाद व थकान को दूर करने और मनोदशा को ठीक करने का काम करता है।
प्रियंवदा दीक्षित – फूड फॉर हील (क्वालीफाईड डायटीशियन, आगरा)