
अगर आप भी पिलपिले टमाटर को खराब समझकर फेंक देते हैं तो रुकिए। ज्यादा पके या पिलपिले टमाटर पूरी तरह से खराब नहीं होते हैं। अगर सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो यह सफाई से लेकर गार्डनिंग तक कई कामों को आसान बना सकते हैं।
आज हम आपको कुछ ऐसे ही तरीके बताने वाले हैं, जिसकी मदद से आप पिलपिले और ज्यादा पके टमाटरों का इस्तेमाल बेहतर तरीके से कर सकते हैं। इससे किचन वेस्ट कम होगा और घर के छोटे-मोटे कामों के लिए पैसों की बचत भी हो सकती है।
पौधा लगाएं
टमाटर अगर ज्यादा पक गए हैं और खाने लायक नहीं बचे तो इन्हें पौधे उगाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए टमाटर को स्लाइस में काटकर मिट्टी में दबाएं। इन्हें नियमित पानी देने पर कुछ दिनों में छोटे-छोटे पौधे निकलना शुरू हो जाएंगे। बड़े होने पर इन पौधों को अलग-अलग करके लगाया जा सकता है ताकि इन्हें बढ़ने की पर्याप्त जगह मिल सके।
खाद बनाएं
पौधों के लिए नेचुरल खाद बनाने में भी टमाटरों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए टमाटर को टुकड़ों में काटकर बोतल में रख दें और उसमें पानी भर दें। कुछ दिनों बाद इस मिश्रण को छानकर स्प्रे बोतल में भर लें और पौधों की जड़ों पर स्प्रे करें जिससे पौधों को पोषण मिल सकता है।
चिकनाई हटाएं
खाना बनाने के बाद अक्सर बर्तनों पर जिद्दी चिकनाई जमा हो जाती है जो साफ करने के बाद भी काफी हद तक रह जाती है। इसके लिए टमाटर को काटकर तवा, कड़ाही या चिकने बर्तनों पर रगड़कर साफ करें। अब बर्तनों को साबुन और पानी से साफ कर लें। इस तरह बर्तनों पर जमी चिकनाई आसानी से दूर हो सकती है।
चटनी बनाएं
ज्यादा पके टमाटरों से आप चटनी बना सकते हैं जो स्वाद में बहुत ही लाजवाब लगती है। इसके लिए टमाटरों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और इसमें जीरा, हरी मिर्च और टमाटरों को डालकर मिक्स करें। अब इसमें स्वादानुसार नमक, चीनी या गुड़ डालकर कुछ देर पकने दें। जब यह मिश्रण गाढ़ा हो जाए तो इसे बाउल में निकाल लें। इसे आप लंबे समय तक स्टोर करके भी रख सकते हैं।
टमाटर की प्यूरी बनाएं
कई बार हम कम दाम की वजह से ज्यादा टमाटर खरीद लाते हैं जो जल्दी ही पकने लगते हैं। ऐसे में इनका इस्तेमाल प्यूरी बनाने के लिए किया जा सकता है जो सब्जी में किसी भी समय इस्तेमाल की जा सकती है। इसके लिए टमाटर को धोकर अच्छे से काट लें और बिना पानी के मिक्सी में पीस लें। इसके बीजों और छिलकों को हटाने के लिए आप इसे छान सकते हैं। अब इसे थोड़ी चीनी और नमक डालकर 3 से 4 मिनट तक पकाएं और ठंडा करके स्टोर कर लें।
फेस पैक बनाएं
टमाटर का इस्तेमाल फेस पैक बनाने में भी किया जा सकता है। इसके लिए एक बाउल में टमाटर का रस, शहद और बेसन को मिक्स करके पैक तैयार कर लें और इसे चेहरे पर इस्तेमाल करें। यह चेहरे को टैनिंग करने में भी मदद कर सकता है। हालांकि फेस पैक इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
