चेहरे, गर्दन या अंडरआर्म्स पर अचानक निकलने वाले छोटे-छोटे लटके हुए मस्से (Skin Tags) न सिर्फ लुक खराब करते हैं, बल्कि कई बार कपड़ों से रगड़ खाकर दर्द भी देते हैं।

आपने अपने आसपास कई लोगों को देखा होगा जो इस प्रकार के मस्सों से परेशान हैं। लोग अक्सर इन्हें हटाने के लिए महंगे क्लिनिकल ट्रीटमेंट का सहारा लेते हैं, जबकि कुछ आसान और सुरक्षित प्राकृतिक उपायों से इनसे छुटकारा पाया जा सकता है। आइए जानते हैं कि त्वचा पर ये भद्दे मस्से आखिर क्यों निकलते हैं और इन्हें घर पर कैसे ठीक करें?

 

त्वचा पर मस्से (स्किन टैग्स) निकलने का कारण

 

चिकित्सकीय भाषा में इन्हें ‘एक्रोकोर्डन’ (Acrochordon) कहा जाता है। ये त्वचा के ऊपर फाइबर, रक्त वाहिकाओं और कोशिकाओं के इकट्ठा होने से बनते हैं। इनके पीछे मुख्य रूप से तीन कारण होते हैं

♦ पहला, गर्दन, बगल (अंडरआर्म्स) और पलकों पर त्वचा आपस में ज्यादा रगड़ खाती है, जिससे वहां स्किन टैग्स बनने लगते हैं।

♦दूसरा इंसुलिन रेजिस्टेंस और डायबिटीज यानी शरीर में ब्लड शुगर का स्तर असंतुलित होने पर मस्से तेजी से बढ़ते हैं।

♦ तीसरा कारण है मोटापा और हार्मोनल बदलाव, वजन बढ़ने और गर्भावस्था के दौरान होने वाले हार्मोनल उतार-चढ़ाव के कारण भी ये समस्या आम हो जाती है।

 

मस्से गायब करने के 5 अचूक घरेलू उपचार

 

1. टी ट्री ऑयल (Tea Tree Oil)

 

एंटी-फंगल और एंटी-वायरल गुणों से भरपूर टी ट्री ऑयल स्किन टैग्स को सुखाने का काम करता है। रुई की मदद से इसे दिन में दो बार मस्से पर लगाएं।

 

2. एप्पल साइडर विनेगर (सेब का सिरका)

 

सिरके में मौजूद एसिडिक तत्व मस्से के टिश्यूज को काटकर उसे जड़ से अलग कर देते हैं। इसे सिर्फ मस्से वाले हिस्से पर ही लगाएं, आसपास की त्वचा पर लगाने से बचें।

 

3. लहसुन का पेस्ट (Garlic)

 

लहसुन की एक कली को पीसकर मस्से पर लगाएं और ऊपर से डॉक्टर टेप या पट्टी बांध लें। इसमें मौजूद एंजाइम्स मस्से को प्राकृतिक रूप से छोटा कर देते हैं।

 

4. अरंडी का तेल और बेकिंग सोडा (Castor Oil & Baking Soda)

 

बेकिंग सोडा और अरंडी के तेल को मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। इसे रोज रात को मस्से पर लगाकर सोएं। कुछ ही दिनों में मस्सा सूखकर गिर जाएगा।

 

5. केले का छिलका (Banana Peel)

 

केले के छिलके में प्रचुर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं। छिलके के अंदरूनी हिस्से को मस्से पर रखकर रात भर के लिए पट्टी से बांध दें।

 

 गलतियां करने से बचें

 

अक्सर लोग जल्दीबाजी में मस्से को कैंची से काटने, ब्लेड लगाने या धागे से कसकर बांधने की कोशिश करते हैं। डॉक्टरों के अनुसार ऐसा करने से गंभीर स्किन इन्फेक्शन, ब्लीडिंग और त्वचा पर हमेशा के लिए गहरा दाग रहने का खतरा बढ़ जाता है। घरेलू उपाय करते समय धैर्य रखें, क्योंकि इन्हें ठीक होने में कुछ हफ्तों का समय लग सकता है।

By AMRITA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *