
बच्चे एक जैसे खाने से अक्सर बहुत जल्दी बोर हो जाते हैं। हर मां के लिए यह एक बड़ा सिरदर्द बन जाता है कि रोज नया क्या बनाया जाए। कभी-कभी तो मांओ को बच्चों के पसंदीदा खाने को भी एक नए अवतार में पेश करना पड़ता है, ताकि वे बिना किसी नखरे के उसे चट कर जाएं।
तो अगर आप भी अपने बच्चे की खाने की आदतों से परेशान हैं, तो यहां हम आपके लिए एक बेहद दिलचस्प पिंक पैनकेक की रेसिपी लेकर आए हैं। यह स्वाद में तो वही पुराना और सबका पसंदीदा पैनकेक है, बस इसका रंग गुलाबी है। और सबसे अच्छी बात? इसमें किसी भी तरह के आर्टिफिशियल रंग का इस्तेमाल नहीं किया गया है, हमने इसमें सेहत से भरपूर चुकंदर मिलाया है, जो इसे सुंदर रंग के साथ-साथ पोषण भी देता है।आइए सीखते हैं पिंक पैनकेक की कमाल की रेसिपी।
पिंक पैनकेक बनाने की सामग्री
चुकंदर, दूध, गेहूं का आटा या मैदा, चीनी या गुड़, थोड़ा सा बेकिंग पाउडर और सेकने के लिए मक्खन या घी।
पिंक पैनकेक बनाने का तरीका
इसे बनाना बहुत ही आसान है। सबसे पहले एक साबुत चुकंदर को अच्छी तरह उबाल लें और फिर उसे दूध के साथ मिक्सर में डालकर एकदम बारीक पीस लें। अब इस गुलाबी दूध को एक बर्तन में निकालें और इसमें पैनकेक बनाने का दूसरा सामान जैसे आटा, मिठास के लिए चीनी या गुड़ और हल्का सा बेकिंग पाउडर मिलाकर एक गाढ़ा घोल तैयार कर लें। बस, अब एक नॉन-स्टिक पैन को गर्म करें, उस पर थोड़ा मक्खन लगाएं और इस मिक्सचर को फैलाकर दोनों तरफ से हल्का सुनहरा होने तक सेक लें। लीजिए, आपके गरमा-गरम और पोषण से भरपूर पिंक पैनकेक तैयार हैं, जिन्हें देखते ही बच्चे खुश हो जाएंगे।
