
बारिश में चाय पकौड़े और समोसे खा खाकर पेट का हाजमा हो गया है खराब और अब आपका पेट मांग रहा है आराम तो आज हम आपको कुछ ऐसी खाने की चीजों के बारे में बताएंगे, जो आपके पेट के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं. इन्हें प्रोबायोटिक फूड्स कहा जाता है, जो आपके पेट में ‘गुड बैक्टीरिया’ यानी अच्छे कीटाणुओं को बढ़ाते हैं. आइए जानते हैं कि कौन-सी चीजें आपके पेट को हेल्दी रखने में मदद कर सकती हैं.
प्रोबायोटिक फूड्स जो पेट के लिए हैं अच्छे-
1. दही-
सबसे पहले बात करते हैं दही की. यह हम सबके घरों में बहुत आसानी से मिल जाता है और प्रोबायोटिक्स का सबसे जाना-माना सोर्स है. दही में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया आपके पेट का बैलेंस बनाए रखते हैं. कई रिसर्च बताती हैं कि प्रोबायोटिक्स उन लोगों के लिए भी बहुत फायदेमंद हैं जिन्हें दूध या उससे बनी चीजें पचने में दिक्कत होती है. यह पेट की गैस, दस्त और दूसरी कई परेशानियों को दूर करने में मददगार है.
सेवन का तरीका- दही को आप डाइट में रायता, लस्सी और छाछ के रूप में डाइट में शामिल कर सकते हैं.
2. सॉफ्ट चीज़-
चीज़ खाना किसे पसंद नहीं है? लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह आपके पाचन के लिए भी बहुत अच्छा होता है? हालांकि, समस्या यह होती है कि हर तरह के प्रोबायोटिक्स हमारे पेट और आंतों के लंबे सफर को पार करके जिंदा नहीं बच पाते हैं. लेकिन अच्छी बात यह है कि फर्मेंटेड सॉफ्ट चीज़, जैसे कि गौडा चीज़ (Gouda), के अंदर जो बैक्टीरिया होते हैं, वे इतने मजबूत होते हैं कि वे इस सफर को आसानी से पार कर लेते हैं और आपके पेट तक पहुंचते हैं.
3. अचार-
जब भी आप अचार के जरिए प्रोबायोटिक्स लेना चाहें, तो इस बात का खास ख्याल रखें कि वह नेचुरली फर्मेंटेड यानी प्राकृतिक तरीके से तैयार किया गया हो. यानी उसे बनाते वक्त सिरके (vinegar) का इस्तेमाल बिल्कुल न किया गया हो.नमक और पानी के बैटर में जब यह तैयार होता है, तो इसमें अच्छे बैक्टीरिया पनपते हैं. यही वजह है कि ऐसे खट्टे अचार आपके पाचन को बेहतर बनाने में बहुत मददगार साबित होते हैं
सेवन का तरीका- आप अचार को ब्रेकफास्ट में पराठे, लंच और डिनर में शामिल कर सकते हैं.
प्रीबायोटिक्स और प्रोबायोटिक्स में अंतर-
जहां एक तरफ प्रोबायोटिक फूड्स में जिंदा बैक्टीरिया होते हैं, वहीं प्रीबायोटिक फूड्स उन अच्छे बैक्टीरिया को खाना देते हैं जो पहले से ही आपके पेट में मौजूद होते हैं. आप प्रीबायोटिक्स को आसानी से पा सकते हैं. इसके लिए आप केला, ओटमील, शहद, मेपल सिरप और दाल-बींस का सेवन कर सकते हैं.
