
अजवाइन के बारे में एक आम कहावत है कि अकेली अजवाइन ही सैकड़ों प्रकार के अन्न को हजम करने में सहायता करती है। इसके साथ-साथ अजवाइन खाने के फायदे के रुप में यह भी बताया गया है, कि इससे कई बीमारियां भी ठीक की जा सकती हैं। अधिकांश लोगों को अजवाइन से होने वाले फायदे की जानकारी ही नहीं होती। इसलिए वे अजवाइन का भरपूर लाभ नहीं ले पाते हैं। आइए आपको बताते हैं कि अजवाइन कितनी गुणकारी होती है।
अजवाइन मुख्यत तीन प्रकार की होती है
अजवाइन
जंगली अजवाइन और
खुरासानी अजवाइन।
यह एक बीज है, जो मसाला एवं औषधि के रूप में इस्तेमाल की जाती है। कई तरह की बीमारियों को ठीक करने में अजवाइन बहुत फायदेमंद साबित होती है।
हमारे देश में हजारों सालों से अजवाइन का प्रयोग मसाले के साथ-साथ एक औषधि के रुप में किया जा रहा है। मसाला, चूर्ण, काढ़ा और रस के रूप में भी अजवाइन खाने के फायदे मिल जाते हैं।
अजवायन के फायदे :
अजवाइन किस-किस बीमारी को ठीक करने में मदद पहुुंचाती है, यह जानने, और इसका पूरा लाभ लेने के लिए आपको अजवाइन के इस्तेमाल और उसकी खुराक के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए।
अजवाइन खाने से सीने की जलन में लाभ –
सदियों से दादी-नानी के घरेलू नुस्ख़ों में एसिडिटी, पेट में जलन आदि समस्याओं के लिए अजवाइन का प्रयोग किया जाता रहा है।
अधिक तीखा भोजन करने के बाद छाती में जलन की परेशानी हो जाती है। ऐसे में 1 ग्राम अजवाइन, और बादाम की 1 गिरी को खूब चबा-चबा कर, या पीस कर खाएं। इससे फायदा होता है।
अगर कोई पेट संबंधी रोगों से परेशान रहता है, तो उसे 1 भाग अजवाइन, आधा भाग काली मिर्च, और सेंधा नमक को मिलाकर पीस लेना है। इसे गुनगुने जल के साथ, 1-2 ग्राम की मात्रा में लेना है। सुबह-शाम सेवन करने से पेट संबंधी रोग ठीक होते हैं।
