
भारत तेजी से विकास कर रहा है, लेकिन इसके साथ ही स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं भी तेजी से बढ़ रही हैं. वर्ल्ड हेल्थ डे हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि आखिर हमारे देश में सेहत को लेकर सबसे बड़ी चुनौतियां क्या हैं.
आज कई बीमारियां ऐसी हैं जो हर उम्र के लोगों को प्रभावित कर रही हैं, चाहे वह शहर हो या गांव. चिंता की बात यह है कि इनमें से कई समस्याएं हमारी लाइफस्टाइल और आदतों से जुड़ी हैं, जिन्हें समय रहते सुधारा जा सकता है. सरकारी रिपोर्ट्स और सर्वे बताते हैं कि भारत में कुछ बीमारियां लगातार बढ़ रही हैं और भविष्य में बड़ा खतरा बन सकती हैं. आइए जानते हैं भारत की तीन सबसे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में.
भारत में पैर पसार रही 3 बड़ी बीमारियां
1. दिल की बीमारियां (Cardiovascular Diseases) – मौत का सबसे बड़ा कारण
भारत में दिल की बीमारियां सबसे बड़ी स्वास्थ्य समस्या बन चुकी हैं. वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) के अनुसार, भारत में होने वाली कुल मौतों में लगभग 27% मौतें दिल से जुड़ी बीमारियों के कारण होती हैं. रिपोर्ट्स बताती हैं, इसके पीछे मुख्य कारण हैं अनहेल्दी डाइट, फिजिकल एक्टिविटी की कमी, तनाव और धूम्रपान. पहले यह समस्या उम्रदराज लोगों में ज्यादा होती थी, लेकिन अब युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं.
क्या करें?
रेगुलर एक्सरसाइज करें, बैलेंस डाइट लें और समय-समय पर हेल्थ चेकअप करना बहुत जरूरी है.
2. डायबिटीज (Diabetes) – तेजी से बढ़ती साइलेंट बीमारी
भारत को डायबिटीज कैपिटल भी कहा जाने लगा है. इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन (IDF) की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 10 करोड़ से ज्यादा लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं (2023 अनुमान).
यह बीमारी धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचाती है और कई बार देर से पता चलती है. खराब खानपान, मोटापा और सेडेंटरी लाइफस्टाइल इसके बड़े कारण हैं.
क्या करें?
मीठा और प्रोसेस्ड फूड खाना कम करें, रोजाना वॉक करें और ब्लड शुगर लेवल की रेगुलर जांच कराएं.
3. कुपोषण और एनीमिया – छुपी हुई लेकिन गंभीर समस्या
जहां एक ओर मोटापा बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कुपोषण भी भारत की बड़ी समस्या है. नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे (NFHS-5) के अनुसार, भारत में 67% बच्चे (6-59 महीने) एनीमिया से ग्रस्त हैं और 57% महिलाएं (15-49 वर्ष) भी एनीमिया का शिकार हैं.
यह समस्या खासकर ग्रामीण और गरीब वर्ग में ज्यादा देखी जाती है. इससे बच्चों का विकास रुक सकता है और महिलाओं की सेहत पर भी गंभीर असर पड़ता है.
क्या करें?
आयरन और पोषण से भरपूर डाइट लेना जरूरी है, हरी सब्जियां, दाल और फल ज्यादा मात्रा में खाएं.
वर्ल्ड हेल्थ डे 2026 हमें यह समझाने का मौका देता है कि सेहत हमारी रोज की आदतों से बनती है. दिल की बीमारियां, डायबिटीज और कुपोषण जैसी समस्याएं भारत में तेजी से बढ़ रही हैं, लेकिन अच्छी बात यह है कि इन्हें रोका जा सकता है.
